हल्द्वानी: पुराने कूड़े के निस्तारण को नगर निगम ने बनाई डीपीआर
हल्द्वानी, अमृत विचार। नगर निगम में पुराने लीगेसी वेस्ट को हटाने के लिए एग्जीक्यूटिव कमेटी और मेयर की बैठक हुई। इसमें ट्रंचिंग ग्राउंड में वर्षों से जमा कूड़े को हटाने के लिए 5 करोड़ रुपये की डीपीआर पर मेयर ने सहमति दे दी। अब इसे शासन में भेजा जाएगा। वहां से स्वीकृति मिलने पर वर्षों से जमा कूड़े का निस्तारण संभव हो सकेगा।
गौलापार स्थित वन भूमि में बने ट्रंचिंग ग्राउंड में जमा लाखों टन कचरे के निस्तारण के लिए नगर निगम ने कवायद शुरू कर दी है। इसके लिए बुधवार को नगर निगम में मेयर की अगुवाई में एग्जीक्यूटिव कमेटी के साथ हुई बैठक में कूड़ा निस्तारण के लिए 5 करोड़ रुपये की डीपीआर पेश की गई।
इसके लिए नगर निगम ने अपनी सहमति दे दी है। सहमति के बाद डीपीआर का आंकलन देहरादून के विशेषज्ञों की ओर से करने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। ट्रंचिंग ग्राउंड के पास जमा करीब 20 साल पुराने कूड़े का निस्तारण किया जाना है। वर्तमान में ट्रंचिंग ग्राउंड में रामनगर, भवाली, नैनीताल और हल्द्वानी का करीब 400 मीट्रिक टन कचरा नियमित तौर पर जमा हो रहा है। जिसके चलते ट्रंचिंग ग्राउंड व आसपास में लाखों टन कचरा एकत्र हो चुका है।
यह कूड़ा गौलापार क्षेत्र के साथ ही इंदिरा नगर व आसपास के इलाकों के लिए समस्या बना हुआ है। शासन से डीपीआर को स्वीकृति मिलने पर आने वाले दिनों में ट्रंचिंग ग्राउंड और आसपास जमा कूड़े का निस्तारण होने की उम्मीद है। इधर नगर आयुक्त पंकज उपाध्याय ने बताया कि ट्रंचिंग ग्राउंड में जमा पुराने कूड़े के निस्तारण के लिए तैयार हुई डीपीआर को नगर निगम ने सहमति दे दी है। देहारादून में डीपीआर का आंकलन होने के बाद आगे की कार्रवाई पूरी की जाएगी। इस मौके पर मेयर जोगेंद्र पाल सिंह रौतेला, नगर स्वास्थ्य अधिकारी मनोज कांडपाल समेत एग्जीक्टिव टीम के सदस्य उपस्थित रहे।
