लखनऊ: डायल-112 की आंदोलनरत महिला कर्मचारियों से मिला सपा का प्रतिनिधिमंडल, अखिलेश यादव ने किया यह व्यंग्य!
लखनऊ। समाजवादी पार्टी ने यूपी डायल 112 महिला कर्मचारियों की मांगों का समर्थन करते हुए भाजपा सरकार द्वारा महिला कर्मचारियों के साथ किये गए दुर्व्यवहार की कड़ी निदा की है। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा है कि यूपी डायल-112 की महिला कर्मचारी अपनी मांगों को लेकर शांतिपूर्ण धरना दे रही थीं उनके धरने को कुचलने के लिए भाजपा सरकार ने संवेदनहीनता की सारी हदें पार कर दीं।
उन्होंने कहा कि समाजवादी सरकार में पुलिस तंत्र को मजबूत करने के लिए बनाये गए डायल-100 सिस्टम को भाजपा सरकार ने बर्बाद कर दिया है। इस सरकार ने पुलिस व्यवस्था को ठीक करने के बजाय पहले नाम बदला, निष्क्रिय किया, अब वह वहां कार्यरत महिला कर्मचारियों को नौकरी से निकालने का षड्यंत्र कर रही है।
कर्मचारियों के साथ भाजपा सरकार का कारनामा शर्मनाक, निन्दनीय और असहनीय है। अपनी मांगों को लेकर मुख्यमंत्री जी से मिलने की मांग करने वाली महिला कर्मचारियों को रात भर ठंड में बैठाया गया। सुबह हिरासत में ले लिया गया। भाजपा के नारी वंदन का यही असली रूप है। यह भाजपा का नारी वंदन नहीं, नारी बंधन है। भाजपा महिलाओं को प्रत्येक स्तर पर धोखा रही है।
अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार लगातार महिलाओं और नौजवानों को अपमानित कर रही है। नौकरी और रोजगार मांगने पर पुलिस से पिटवाती है। अपमानित कराती है। अब सुनने में आया है कि भाजपा सरकार डायल 100 सेवा को भी पोर्ट, एयरपोर्ट, रेल की तरह अपने किसी प्रिय पार्टनर को दे रही है। महिलाओं को आरक्षण देने का झूठा सपना दिखाने वाले अब उनकी नौकरी छीन रहे हैं और उनके परिजन सड़क पर आ गये है।
सपा मुखिया ने कहा कि लगता है कि नाम बदलने वालों ने आरक्षण का नाम बदल कर हिरासत कर दिया है। उन्होंने कहा कि समाजवादी सरकार ने डायल 100 और 1090 सेवा बनाकर हजारों लड़कियों को नौकरी और रोजगार दिया था। ये सभी समाज की सेवा कर रही थी लेकिन आज भाजपा की सरकार उन्हें बेरोजगार कर रही है।
बता दें कि अखिलेश यादव के निर्देश पर समाजवादी पार्टी के नेता एवं पूर्व एमएलस सुनील सिंह साजन, समाजवादी महिला सभा की राष्ट्रीय अध्यक्ष जूही सिंह, पूर्व विधानसभा प्रत्याशी पूजा शुक्ला, नेहा यादव, वंदना चतुर्वेदी, मुन्नी पाल, प्रदीप शर्मा, नवीन धवन बंटी, शांति यादव, चांदनी कश्यप, कुलवंत कौर, मंजू यादव, हिमांशु तिवारी, प्रदीप कनौजिया, मेहनाज, शमीना खान, सुधा जायसवार समेत अन्य नेताओं ने बुधवार को इको गार्डन पहुंच कर डायल 112 की पीड़ित महिला कर्मचारियों से मुलाकात की।
उनके धरने में शामिल हुए और उनकी मांगों का समर्थन किया। समाजवादी पार्टी के नेताओं ने कहा कि भाजपा सरकार महिला कर्मचारियों के साथ अन्याय कर रही है। महिलाओं को प्रताड़ित कर रही है। समाजवादी पार्टी पूरी तरह से कर्मचारियों की मांगों के साथ खड़ी है। आने वाले समय में महिलाएं भाजपा से इस अपमान का ऐसा बदला लेंगी कि भाजपा कहीं की नहीं रहेगी।
यह भी पढ़ें: लखनऊ: दिवाली पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस ने किए कड़े इंतजाम, आतिशबाजी पर कही यह बात
