Kanpur Accident: नेशनल हाईवे पर अनियंत्रित होकर पलटी बस, मची चीख-पुकार, आधा दर्जन लोग घायल
कानपुर में बस पलटने से आधा दर्जन लोग घायल।
कानपुर के सचेंडी थानाक्षेत्र में अनियंत्रित होकर बस पलटने से आधा दर्जन लोग घायल हो गए। इधर, लोगों की सूचना पाकर पहुंची पुलिस मौके पर पहुंची। हाईवे पर अक्सर किनारे खड़े वाहनों के कारण हादसे होते है।
कानपुर, अमृत विचार। सचेंडी थानाक्षेत्र मे नेशनल हाईवे दो पर तेज रफ्तार बस अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे के बाद बस में बैठे लोगों में चीख-पुकार मच गई। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने लोगों को निकालकर निजी अस्पताल उपचार के लिए भिजवाया।
गुरुवार दोपहर करीब 02:45 बजे एक अजय ट्रैवल्स अशोक नगर जीटी रोड की बस नगर से कानपुर देहात की ओर जा रही थी। चालक छुन्ना तिवारी निवासी मर्दनपुर गुजैनी के अलावा यात्री कमलेश, मोनू तिवारी, राघवेंद्र त्रिवेदी, जय नारायण, वीरेंद्र सिंह बस में मौजूद थे। सचेंडी पुलिस के अनुसार चालक ने बताया कि उसे दो-तीन दिन से बुखार आ रहा है।
बताया कि बस से वह उक्त पांच लोगों को दादा नगर से कानपुर देहात छोड़ने जा रहा था। वह बस लेकर अभी ब्रिटानिया फैक्ट्री सचेंडी के पास पहुंचा ही था कि अचानक से आंखों के सामने अंधेरा छा गया। जिससे बस गड्ढे में चली गई और पलट गई। राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने राहगीरों की मदद से उन लोगों को बड़ी मशक्कत से निकालकर निजी अस्पताल भिजवाया। जहां से वह लोग अपने-अपने घर चले गए।
इस हादसे में वहां से गुजर रहा साइकिल सवार राम प्रकाश शर्मा निवासी सचेंडी बस की चपेट में आकर घायल हो गए और साइकिल क्षतिग्रस्त हो गई। इस हादसे में कुल सात लोग घायल हुए। हादसे के बाद हाईवे पर क्रेन मंगवाकर पुलिस ने बस को सीधा कराकर किनारे करवाया। इस दौरान करीब एक घंटे तक हाईवे पर लंबी वाहनों की कतारें लग गई। जाम में फंसकर लोगों को परेशानियों को सामना करना पड़ा।
ये भी पढ़ें- Kanpur News: डीएवी कॉलेज के बाहर छात्रों ने की दबंगई, एसीपी कोतवाली को बीच सड़क पर गिराया, देखें- VIDEO
