कासगंज: अवैध रूप से संचालित हॉस्पिटल को स्वास्थ्य विभाग ने किया सील
कासगंज, अमृत विचार। शहर के कासगंज-अतरौली मार्ग पर नगला गुलाबी में स्थित अवैध रूप से संचालित खाटू श्याम हॉस्पिटल को स्वास्थ्य विभाग ने सील किया है। बुधवार को अस्पताल में प्रसव के बाद प्रसूता की मौत हो गई थी। चिकित्सकों ने हंगामा काटते हुए हॉस्पिटल के विरुद्ध कार्यवाही किए जाने की मांग की थी।
खाटू श्याम हॉस्पिटल में सदर कोतवाली के गांव नगला लोधी निवासी गर्भवती महिला नीतू को परिजनों द्वारा प्रसव केलिए भर्ती कराया गया था। प्रसव के दौरान महिला ने एक बच्चे को जन्म दिया था, लेकिन प्रसव के बाद महिला की हालत बिगड़ गई। लाख प्रयास के बावजूद भी चिकित्सक महिला को नहीं बचा सके उसकी मौत हो गई। महिला की मौत से गुस्साए परिजनों एवं ग्रामीणों ने हॉस्पिटल पर हंगामा काटा। चिकित्सक पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कार्यवाही की मांग की।
एसडीएम संजीव कुमार ने मुख्य चिकित्सा अधीक्षक से मामले में कार्यवाही किए जाने अनुरोध किया था। सीएमओ डा. राजीव कुमार अग्रवाल ने विभागीय टीम से हॉस्पिटल की जांच कराई जो अवैध रूप से संचालित होता पाया गया। टीम ने हॉस्पिटल को सील किया है। सीएमओ ने बताया कि अस्पताल का पंजीकरण नहीं था। हॉस्पिटल को सील कर दिया है। संचालक को चिकित्सा से संबंधित दस्तावेज प्रस्तुत करने के निर्देश दिए है।
महिला की मौत के मामले में पुलिस को नहीं मिली तहरीर
बुधवार को प्रसूता महिला की प्रसव के बाद हुई मौत को लेकर परिजनों ने अस्पताल में हंगामा काटा। कार्यवाही की मांग की। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा था, लेकिन घटना के दूसरे दिन गुरुवार को भी मामले में पुलिस को कोई तहरीर नहीं मिली है। इंस्पेक्टर सुधीर कुमार ने बताया कि अभी तक तहरीर मिली है। तहरीर मिलने पर कार्यवाही की जाएगी।
ये भी पढे़ं- कासगंज: प्रसूता की मौत के बाद हंगामा, परिजनों ने नहीं उठने दिया शव
