बरेलीः पांच रुपये का रजिस्ट्रेशन करते ही खाते से उड़े 99 हजार 900 रुपये, राष्ट्रीय साइबर अपराध पोर्टल का हेल्पलाइन नंबर भी हेल्पलेस
साइबर थाना गए तो एसएसपी आवास की साइबर सेल भेज दिया गया
बरेली, अमृत विचार : एक नामी कोरियर कंपनी के झांसे में आकर कर्मचारी नगर निवासी राजेश के खाते से 99 हजार 900 रुपये आनलाइन ठगों ने उड़ा दिए। उन्होंने राष्ट्रीय साइबर अपराध पोर्टल के हेल्पलाइन नंबर 1930 पर फोन मिलाया तो वह भी कोई काम नहीं आया।राजेश वार्ष्णेय ने बताया कि वह मंगलवार को पोस्ट आफिस गए थे।
वहां कोरियर नहीं हुआ तो गूगल से नामी कोरियर कंपनी का नंबर लेकर बात की। कंपनी से बात खत्म होते ही एक व्यक्ति का फोन आया और उसने कहा कि आपको पांच रुपये का रजिस्ट्रेशन कराना होगा और कोरियर आपके घर से ले लिया जाएगा। इसके लिए उसने वॉट्सअप लिंक भेजा। उसमें अपना नाम पता और 5 रुपये भेजने की बात कही।
उसके कहे अनुसार आनलाइन पांच रुपये भेज दिये। उन्होंने बताया कि बुधवार को लगभग दोपहर 12.15 बजे बैंक से मेसेज आया कि आपने 99 हजार 900 रुपये का कोई ट्रांजेक्शन किया है। उन्होंने मना किया तो बैंक से उन्हें बताया कि साइबर पोर्टल पर तुरंत फोन करके इसकी जानकारी दें।
अजय वार्ष्णेय ने बताया कि उन्होंने राष्ट्रीय साइबर अपराध पोर्टल के हेल्पलाइन नंबर 1930 पर बुधवार को कई बार बात करनी चाही लेकिन एक बार भी फोन नहीं लगा। गुरुवार को भी इस हेल्पलाइन का यही हाल है। उन्होंने बताया कि पोर्टल दिखावे के लिए बनाया गया।
पोर्टल पर मदद नहीं मिली तो वह पुलिस लाइन में साइबर सेल थाना में गए और वहां शिकायत की। यहां पर कहा गया कि यहां पर पांच लाख के ऊपर के मामले दर्ज होते हैं और उन्हें एसएसपी के आवास पर साइबर सेल में जाने के लिए कहा गया। यहां भी उनका नाम पता नोट करके एसएसपी कार्यालय भेज दिया गया। कागज जमा कर लिया गया लेकिन कोई रिसीविंग नहीं दी गई।
ये भी पढ़ें - बरेलीः एक लाख रुपये से ज्यादा की खानपान सामग्री नष्ट और जब्त, एफएसडीए ने अभियान चलाकर लिए 16 नमूने
