बरेलीः सिटी स्टेशन पर गाइडेंस सिस्टम बताएगा कोच की दिशा, स्टेशन के चारों प्लेटफार्म पर लगा सिस्टम, जल्द होगा चालू

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार : इज्जतनगर रेल मंडल की सिटी स्टेशन पर चारों प्लेटफार्म पर कोच गाइडेंस सिस्टम लगा दिया गया है। अब यात्रियों को अपना कोच ढूंढने में दिक्कत नहीं होगी। रेल अधिकारियों के अनुसार कुछ तकनीकी काम बाकी है, इसके बाद इसे शुरू कर दिया जाएगा। बरेली सिटी रेलवे स्टेशन को अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत 7.90 करोड़ रुपये की लागत से संवारा जा रहा है।

स्टेशन से नौ ट्रेनों का संचालन होता है, जबकि 30 ट्रेनों का ठहराव है। ऐसे में मंडल का प्रमुख स्टेशन होने कारण यहां कोच गाइडेंस सिस्टम की लंबे समय से जरूरत महसूस की जा रही थी। खास बात है कि यह सुविधा प्लेटफार्म नंबर चार के यात्रियों को भी मिल सकेगी।

इस प्लेटफार्म पर मुरादाबाद रेल मंडल के बरेली जंक्शन पर आने वाले ट्रेनों को लिया जाता है। दूसरे चरण में सभी प्लेटफार्म पर स्वचालित सीढ़ियों की व्यवस्था की जानी है। जबकि प्लेटफार्म नंबर एक पर मौजूद कार्यालयों को ऊंचा करने का काम जारी है।

सीसीटीवी कैमरों से जल्द लैस होगा स्टेशनः सुरक्षा के मद्देनजर बरेली सिटी स्टेशन को सीसीटीवी कैमरों से लैस किया जाएगा। रेल अफसरों के अनुसार कैमरे लगाने का काम जल्द शुरू होगा, जिसका कंट्रोल रूम आरपीएफ थाने में बनाया जाएगा। साथ ही मुख्यालय से भी सीधे निगरानी की जा सकेगी।

बरेली सिटी स्टेशन पर कोच गाइडेंस सिस्टम लगा दिया गया है। जल्द ही इसको चालू किया जाएगा। अमृत भारत योजना के तहत रेलवे की गति शक्ति यूनिट इसका पुनर्विकास कर रही है।- राजेंद्र सिंह, जनसंपर्क अधिकारी, इज्जतनगर रेल मंडल

ये भी पढ़ें - बरेलीः पांच रुपये का रजिस्ट्रेशन करते ही खाते से उड़े 99 हजार 900 रुपये, राष्ट्रीय साइबर अपराध पोर्टल का हेल्पलाइन नंबर भी हेल्पलेस

संबंधित समाचार