संभल : सौतेले पिता ने बेटियों को जमीन पर पटका, एक की मौत...दूसरी गंभीर
महिला ने अपराधी पति को छोड़कर दो माह पहले किया था निकाह, दूसरा भी निकला शराबी, बेटियों को लेकर करता था तंज
संभल में घटना के बाद शाइस्ता के बयान दर्ज करते सीओ।
संभल, अमृत विचार। हयातनगर थाना क्षेत्र में पत्नी से खाने को लेकर कहासुनी के बाद शराब के नशे में धुत सौतेले पिता ने बेटियों को कमरे में बंद कर दो साल की मासूम बेटी को पटककर मार डाला जबकि पांच साल की दूसरी बच्ची को गंभीर हालत में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। आरोपी को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। एसपी ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर जानकारी ली।
सरायतरीन के मोहल्ला नवादा में शाइस्ता ने दो माह पहले अपराधिक छवि वाले अपने पति चांद को छोड़कर अशरफ उर्फ मुन्ना से निकाह कर लिया था। शाइस्ता अपनी दो बेटियों 2 साल की जन्नत व 5 साल की मंतशा के साथ अशरफ के साथ रह रही थी। निकाह के बाद पता चला कि अशरफ भी शराब पीने का आदी था।
गुरुवार रात 10 बजे के बाद अशरफ घर में आया तो खाना बनाने को लेकर शाइस्ता के साथ उसकी कहासुनी हो गई। कहासुनी के बाद अशरफ ने पत्नी को कमरे से बाहर निकाल दिया जबकि दोनों बेटियों जन्नत व मंतशा को अपने पास रोककर कमरे का दरवाजा बंद कर लिया। शाइस्ता का कहना है कि अशरफ ने जन्नत को जमीन पर पटका और मंतशा पर भी हमला किया। किसी तरह दरवाजा खुलवाया गया तो अंदर दो साल की जन्नत अंदर मृत पड़ी थी जबकि मंतशा घायल थी। मंतशा को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।
घटना की जानकारी मिलने पर सीओ जितेंद्र सरगम व एसपी कुलदीप सिंह गुनावत मौके पर पहुंचे। आरोपी को हिरासत में ले लिया गया है। सीओ जितेंद्र सरगम ने बताया कि अशरफ उफ मुन्ना के खिलाफ बेटी की हत्या का मामला दर्ज किया जा रहा है।
ये भी पढ़ें : संभल: बाइक सवारों ने किया ग्रामीण के अपहरण का प्रयास, आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस
