काशीपुर: 50 लाख की मांग को लेकर शादी के पांच दिन बाद ही विवाहिता को घर से निकाला
काशीपुर, अमृत विचार। शादी के पांच दिन बाद ही दहेज में 50 लाख रुपए की नकदी की मांग को लेकर ससुरालियों ने एक नवविवाहिता को घर से निकाल दिया। तहरीर के आधार पर कुंडा थाना पुलिस ने एनआरआई पति समेत पांच आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
पुलिस को दी तहरीर में थाना कुंडा निवासी एक व्यक्ति ने बताया कि उन्होंने अपनी पुत्री का विवाह नवंबर 2023 को काशीपुर के एक रिसोर्ट में अपने गांव के बलजीत सिंह के साथ किया था। बलजीत सिंह एनआरआई है। विवाह में उनके लगभग 25 लाख रुपये खर्च हुए थे।
शादी के दो दिन बाद 07 नवंबर की शाम को पति बलजीत सिंह व ससुराली ने एकराय होकर उसकी पुत्री को प्रताड़ित करना शुरू कर दिया और यह कहकर घर से निकाल दिया कि हमने तो तेरे पिता हमें कम से कम पचास लाख रुपये नकद और गाड़ी की उम्मीद की थी।
गाड़ी के लिए उन्होंने पचास लाख रुपये नहीं दिए। रुपए नहीं लाने पर वो उसे अपने घर पर नहीं रखेंगे। बताया कि इस बीच कुछ लोगों के समझाने पर भी वो नही माने और अपनी मांग पर अड़े रहे। साथ ही धमकी दी कि अगर रकम नहीं मिली तो वो पीड़ित की पुत्री को छोड़कर विदेश चले जायेंगे। पुलिस ने तहरीर अनुसार मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
