रुद्रपुर: सिल्वर फॉइल कारोबारी की दुकान में हुई लाखों की चोरी
रुद्रपुर, अमृत विचार। वैशाली कॉलोनी के रहने वाले सिल्वर फॉइल बनाने के कारोबारी की दुकान पर धावा बोलकर चोरों ने स्कूटी सहित कीमती सामान चुरा लिया। सूचना मिलने पर पुलिस ने घटना की जानकारी ली और तहरीर आने के बाद मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार लक्ष्मी एनक्लेव कॉलोनी निवासी अभय अग्रवाल ने बताया कि वैशाली कॉलोनी में उनका सिल्वर फॉइल बनाने की छोटी से फैक्ट्री है। 12 नवंबर की सुबह जब फैक्ट्री पर पूजा करने गए तो देखा कि मुख्य गेट का ताला टूटा हुआ था और अंदर खड़ी स्कूटी संख्या यूके-06 एडी-8356 गायब थी और मंदिर में रखा एक ग्राम सोने का सिक्का गायब था।
इसके अलावा एक पेटी सिल्वर फॉइल, गल्ले में रखी 30 हजार रुपये की नगदी सहित कुछ सामान गायब है। सूचना मिलने पर आदर्श कॉलोनी चौकी प्रभारी महेश कांडपाल ने मौका मुआयना किया और मामले की जांच शुरू कर दी है। कारोबारी ने बताया कि डेढ़ लाख के करीब चोरी हुए सामान की कीमत है। कारोबारी ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
