प्रयागराज में दीपावली पर जमकर बिके फूल-माला, दस करोड़ का हुआ व्यापार

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

नैनी/ प्रयागराज, अमृत विचार। प्रयागराज में दीपावली के अवसर पर पूजन के लिए लगभग दस करोड़ के फूल माला की बिक्री हुई। दीपावली के दिन गेंदा फूल की मांग बहुत अधिक होती है। इस लिए विभिन्न जिलों के अलावा कई प्रदेशों से कारोबारियों ने फूल मंगवाया था। नैनी फूल मंडी में व्यापारियों के अलावा स्थानीय खरीददारों की भीड़ लगी रही। पिछले वर्ष की अपेक्षा इस बार गेंदा फूल की माला के दाम काफी कम रहे जिससे तमाम कारोबारियों को नुकसान उठाना पड़ा। 

दीपावली पर्व पर गेंदा के फूल माला की मांग प्रयागराज में काफी हो जाती है। गेंदा के फूल कई दिनों तक ताजे बने रहते हैं। लोग अपने घरों के अलावा प्रतिष्ठानों को गेंदा फूल की माला से सजाते हैं। इसके लिए कारोबारी काफी पहले से ही कई जिलों और प्रदेशों से फूल मंगाते हैं। इस बार प्रयागराज जिले के अलावा कोलकाता, जबलपुर, वाराणसी, अजमेर, मिर्जापुर, लखनऊ, उज्जैन, इन्दौर, नागपुर से गेंदा के फूल मंगाए गए थे। गेंदा के अलावा  गुलाब, कमल और गुलदावदी के फूल भी मंगाए गए थे। प्रयागराज की प्रमुख फूलमंडी नैनी में पुराने पुल के समीप दीपावली से एक दिन पहले से ही ग्राहक काफी संख्या में आने लगे थे। दीप पर्व के दिन तो भोर से ही ग्राहकों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी थी। देर शाम तक ग्राहकों का तांता लगा हुआ था। 

पिछले वर्ष दस माला का लच्छा साढ़े चार से छह सौ रुपए में बिका था, जबकि इस बार दो से तीन सौ रुपए में इसकी बिक्री हुई। शाम तक इनका दाम सौ से पचास रुपए तक गिर गया। अनुमान के मुताबिक लगभग दस करोड़ रुपए के फूल माला का कारोबार किया गया। 

ये भी पढ़ें -बहराइच से 360 होमगार्ड मध्य प्रदेश के लिए रवाना, विधानसभा चुनाव में करेंगे ड्यूटी

संबंधित समाचार