रायबरेली: ग्रिड में बिजली की मांग घटी, एनटीपीसी की तीन यूनिट बंद
यूपी समेत आठ राज्यों में घट गई बिजली की मांग
रायबरेली, अमृत विचार। उत्तरी ग्रिड द्वारा बिजली की मांग कम होने का असर ऊंचाहार एनटीपीसी परियोजना पर पड़ा है। बिजली की कम मांग के चलते एनटीपीसी की तीन यूनिटें बंद कर दी गई हैं। डीएम हर्षिता माथुर ने इस बारे में जानकारी देते हुए बताया कि बिजली की मांग बढ़ते ही यूनिट फिर से चालू होंगी।
एनटीपीसी में बनने वाली बिजली को उत्तर प्रदेश, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, राजस्थान, दिल्ली, चंडीगढ़, हरियाणा, उत्तराखंड और जम्मू कश्मीर राज्यों को भेजा जाता है। ठंड शुरू होने के साथ इन राज्यों में बिजली की मांग कम हो गई है। जिसका असर एनटीपीसी के बिजली उत्पादन पर पड़ा है। एनटीपीसी परियोजना में शनिवार की रात यूनिट एक, दो व पांच बंद कर दिया गया, जिससे परियोजना में 630 मेगावाट बिजली उत्पादन कम हो गया है।
एनटीपीसी परियोजना में यूनिट नंबर एक, दो, तीन, चार व पांच से 210-210 मेगावाट व जबकि छठवीं यूनिट से 500 मेगावाट सहित कुल 1550 मेगावाट बिजली उत्पादन किया जाता है। परियोजना में बनने वाली बिजली उत्तर प्रदेश, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, राजस्थान, दिल्ली, चंडीगढ़, हरियाणा, उत्तराखंड और जम्मू कश्मीर राज्यों को भेजी जाती है।
परियोजना की जनसंपर्क अधिकारी कोमल शर्मा ने बताया बिजली की मांग कम होने के चलते उत्तरी क्षेत्र लोड डिस्पैच सेंटर के निर्देश पर यूनिटें बंद की गई हैं।
कभी कोयले की कमी तो कभी पानी की कमी
एनटीपीसी परियोजना में अगस्त माह से यूनिट बंद होने की बात सामने आती रही है। बारिश के दिनों में कोयला खत्म होने से तीन बार यूनिटों को बंद किया गया तो वहीं अब बिजली की मांग कम होने से तीन यूनिट को बंद किया गया है। सूत्र बताते हैं कि बिजली उत्पादन के लिए जरूरी पानी एनटीपीसी को नहीं मिल पा रहा था जिस कारण भी बिजली उत्पादन में दिक्कत आ रही थी।
यह भी पढ़ें:-मुजफ्फरनगर में भीषण सड़क हादसा: ट्रक के नीचे घुसी कार, छह लोगों की दर्दनाक मौत
