देवांगना एयरपोर्ट के काम में लाई जाए तेजी : CM योगी आदित्यनाथ

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

रीवा जाने से पहले चित्रकूट में कुछ देर रुके सीएम 

चित्रकूट, अमृत विचार। मध्य प्रदेश में विधानसभा चुनाव के मद्देनजर उत्तर प्रदेश के स्टार प्रचारकों का वहां आना-जाना जारी है। मंगलवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी रीवा जाने के पूर्व विशेष विमान से देवांगना घाटी स्थित एयरपोर्ट पहुंचे। यहां उन्होंने अधिकारियों से जिले की कानून-व्यवस्था आदि की जानकारी ली। सीएम ने एयरपोर्ट के कामों में तेजी लाने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री का विमान पूर्वाह्न लगभग 11 बजे एयरपोर्ट पर उतरा। मंडलायुक्त बालकृष्ण त्रिपाठी, पुलिस उप महानिरीक्षक डॉ. विपिन कुमार मिश्रा, जिलाधिकारी अभिषेक आनंद तथा पुलिस अधीक्षक वृंदा शुक्ला ने पुष्पगुच्छ भेंटकर स्वागत किया। सीएम ने एयरपोर्ट के निर्माण की प्रगति की जानकारी ली। मुख्यमंत्री ने जिलाधिकारी से कहा कि कार्यदायी संस्थाओं के साथ लगातार समीक्षा करें और काम में तेजी लाएं। सीएम ने कानून-व्यवस्था की भी समीक्षा की। 

इस दौरान सांसद, जिलाध्यक्ष भाजपा सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने सीएम का स्वागत किया और उनको भगवान कामतानाथ का चित्र भेंट किया। सीएम ने वहीं एक पंडाल में जगद्गुरु रामभद्राचार्य से भेंट कर उनका हालचाल लिया। इसके बाद वह विमान से मप्र के लिए रवाना हो गए। वहां उनका रीवा जिले के सेमरिया विधानसभा क्षेत्र में मतदाताओं को संबोधित करने का कार्यक्रम था।

ये भी पढ़ें -KGMU के डॉ. सूर्यकान्त को मिली एक और अन्तर्राष्ट्रीय पहचान, बने इस समिति के को-चेयरमेन

संबंधित समाचार