मुरादाबाद : गोवर्धन पूजा कर भगवान को लगाया छप्पन भोग, धूमधाम से मनाया गया त्योहार

मुरादाबाद : गोवर्धन पूजा कर भगवान को लगाया छप्पन भोग, धूमधाम से मनाया गया त्योहार

मुरादाबाद, अमृत विचार। गोवर्धन पर्व मंगलवार को बड़े ही धूमधाम एवं उल्लास के साथ मनाया गया। शहरी व ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों ने घरों में पूरी आस्था के साथ गाय के गोबर से गिरिराज गोवर्धन की आकृति बनाकर विधि-विधान से पूजा की और भगवान को छप्पन भोग लगाए।

जहां पर गाय का गोबर उपलब्ध नहीं था, वहां पर लोगों ने रंगोली के रंगों से भगवान की आकृति बनाकर उनकी विधि-विधान से पूजा की। भक्तों ने भगवान गोवर्धन को अन्नकूट का भोग लगाया। महानगर में गीता ज्ञान मंदिर, शिव शक्ति मंदिर और भगवती गोशाला में पूजा-अर्चना की गई। जबकि गांवों में समूह बनाकर लोगों ने एक-दूसरे के घर जाकर गोवर्धन की पूजा की।

 इस दौरान भक्तों ने विधि-विधान से पूजा अर्चना कर विश्व व परिवार में सुख शांति की कामना की। गोवर्धन पूजा के बारे में मान्यता है कि देवराज इंद्र का घमंड तोड़ने के लिए श्रीकृष्ण ने इंद्र की पूजा करने की बजाय गोवर्धन पर्वत की पूजा करने के लिए ग्रामीणों को प्रेरित किया। जब देवराज इंद्र को इस बात का पता चला तो उन्होंने पूरे गोकुल गांव को नष्ट करने व कृष्ण को अपनी शक्तियों का परिचय देने के लिए भारी बारिश करा दी।

 गांव में हाहाकार मच गया। तब भगवान श्रीकृष्ण ने गोवर्धन पर्वत को अपनी अंगुली पर उठा लिया और ग्रामीणों की रक्षा की। सात दिन तक लगातार इंद्र ने अपना कहर बरपाया, लेकिन किसी भी ग्रामीणों को क्षति नहीं पहुंची। तब से भगवान श्रीकृष्ण को गोवर्धन के नाम से भी जाना जाता है। इस दिन घरों व मंदिरों में गोवर्धन की आकृति बनाकर भगवान की विधि-विधान से पूजा करते हैं।

गोवर्धन पूजा के अवसर पर भजन-संकीर्तन का आयोजन
मुरादाबाद। विश्व जागृति मिशन मुरादाबाद मंडल की ओर से मंगलवार को दिव्यलोक आश्रम स्थित विश्वनाथ शिव मंदिर में गोवर्धन पूजा के उपलक्ष्य में सिम्मी कपूर द्वारा भजन प्रस्तुत किए। उसके बाद आरती एवं अन्नकूट का प्रसाद वितरित किया। श्रद्धालुओं ने अन्नकूट का प्रसाद उत्साह के साथ ग्रहण किया।
इस अवसर पर मंडल प्रधान राकेश अग्रवाल एवं महिला प्रधान शोभा अग्रवाल ने सभी को गोवर्धन की शुभकामनाएं दीं और 20 नवंबर को गोपाष्टमी कार्यक्रम के संदर्भ में भी अवगत कराया।

 साथ ही कहा कि अयोध्या में राम मंदिर स्थापना के शुभ अवसर 22 जनवरी को एक विशेष कार्यक्रम दिव्यलोक आश्रम आशियाना पर भी आयोजित किया जाएगा। जिसमें सभी से आह्वान किया जा रहा है कि वह अपने घरों से 11,11 दीपक लेकर आश्रम पहुंचे और एक साथ दीप प्रज्ज्वलन कार्यक्रम में भाग लें। इस अवसर पर रामकिशोर गंगवार, राजीव गुलाटी, हरिशंकर, छत्तरपाल, केके तिवारी, गंगाराम, विनोद भटनागर, रणवीर सिंह, अश्वनी सेठ, राजीव भन्डूला, सिम्मी मीरा आदि मौजूद रहे।

ये भी पढ़ें:- मुरादाबाद: महानगर में छठ पूजा की तैयारियां शुरू, घाटों की सफाई में जुटे आयोजक