बरेली: छुट्टी पर सफाईकर्मी, लड़खड़ाई सफाई व्यवस्था
बरेली, अमृत विचार। भैया दूज पर सफाई कर्मियों के अवकाश के चलते शहर की सफाई व्यवस्था लड़खड़ा गई। कई स्थानों पर कूड़े के ढेर लग गए। डोर टू डोर कूड़ा उठाने वाले भी नहीं आए। इससे लोगों को दिक्कत हुई।
गुरुवार से सफाईकर्मी काम में जुटेंगे। शहर में बुधवार को कूड़ा नहीं उठाया गया। आजम नगर स्थित डलावघर में जानवरों ने कूड़े को सड़क पर फैला दिया। आकाशपुरम और सहसवानी टोला वार्ड में भी सड़क पर डलावघर का कूड़ा आ गया।
डोर टू डोर कूड़ा उठाने वाले भी नहीं आए। इससे घरों का कूड़ा सड़कों पर आ गया। बाजारों का भी यही हाल रहा। सिविल लाइंस बाजार, कुतुबखाना बाजार, राजेन्द्र नगर, डीडीपुरम, घंटाघर चौराहे के पास भी कूड़े के ढेर लगे रहे।
एकता नगर, गांधीपुरम, सुरेश शर्मा नगर और संजय नगर में खाली प्लाटों पर कूड़ा एकत्र हो गया। नगर निगम सफाई कर्मचारी यूनियन के महामंत्री राजेश कुमार ने बताया कि रविवार को छोटी दिवाली पर जब सभी जगह अवकाश था, उस दिन भी कर्मचारियों ने काम किया। बुधवार को भैया दूज था। इसलिए सभी कर्मचारियों ने अवकाश के लिए आग्रह किया था। इसी आधार पर अधिकारियों से मांग की गई थी। रविवार के बदले बुधवार को अवकाश लिया गया। गुरुवार से सभी कर्मचारी सफाई कार्य में जुटेंगे।
ये भी पढे़ं- बरेली: चौबारी मेले को लेकर घाट पर तैयारियां शुरू, झूले और सर्कस के साथ लगने लगीं दुकानें
