मुरादाबाद: जेल में दुष्कर्म के आरोपी की बिगड़ी तबीयत, इलाज के दौरान मौत

संभल के व्यक्ति का मेरठ में चल रहा था इलाज, तीन और आरोपी बीमार

मुरादाबाद: जेल में दुष्कर्म के आरोपी की बिगड़ी तबीयत, इलाज के दौरान मौत

मुरादाबाद अमृत विचार। जिला कारागार में दुष्कर्म के आरोपी की दिवाली के अगले दिन तबीयत बिगड़ी तो उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया। यहां से चिकित्सक ने उसे मेरठ में मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। बुधवार रात वहां उनकी मौत हो गई। आरोपी संभल का रहने वाला था।

जनपद संभल में हयातनगर थाना क्षेत्र के मोहल्ला हयातनगर निवासी राजीव (50) उर्फ गांधी पर उसके मोहल्ले के रहने वाली नाबालिग के साथ दुष्कर्म करने आरोप लगा था। घटना 12 नवंबर 2021 की बताई गई। उस समय आरोपी के खिलाफ पीड़ित के पिता की तहरीर पर मामला दर्ज किया था। हयातनगर पुलिस ने आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश किया था, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। बताया गया कि आरोपी काफी दिन से बीमार चल रहा था।

जेल अधीक्षक पवन प्रताप सिंह ने बताया की 7 नवंबर की रात आरोपी राजीव उर्फ गांधी के सीने में अचानक दर्द उठा था तो उसे जेल परिसर स्थित अस्पताल में भर्ती कराया गया। यहां 13 नवंबर को उसकी तबीयत बिगड़ी तो उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया। अगले दिन चिकित्सक ने उसे मेरठ मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। परिजनों के मुताबिक, मेरठ में उसका इलाज कराया जा रहा था।

 बुधवार को उसकी मौत हो गई। उन्होंने बताया कि आरोपी के खिलाफ लगे आरोप में न्यायालय ने अभी कोई फैसला नहीं सुनाया है। आरोपी का मामला उच्च न्यायालय में विचाराधीन है। उन्होंने बताया, जेल में और तीन आरोपी भी गंभीर रूप से बीमार थे। उन्हें भी इलाज के लिए मेरठ मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया है। जेल के अस्पताल में 15-16 लोग भर्ती हैं। जेल में हर माह चिकित्सा शिविर लगाकर अपराधियों की सेहत की जांच की जा रही है।

ये भी पढ़ें:- मुरादाबाद : रोडवेज परिवहन निगम के विफल हुए इंतजाम, यात्रियों को उठानी पड़ी परेशानी