रुद्रपुर: चोरों ने घर पर धावा बोलकर उड़ाए जेवरात व नकदी

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

रुद्रपुर, अमृत विचार। रंपुरा चौकी इलाके में बंद पड़े मकान पर धावा बोलकर चोरों ने नकदी और जेवरात चुरा लिए। सूचना मिलने पर पुलिस ने घटना की जानकारी ली और सीसीटीवी में कैद संदिग्धों की तलाश शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार रंपुरा बस्ती वार्ड 23 निवासी किशन लाल की परचून की दुकान है और ऊपर रहने का आवास बना हुआ है। बताया जा रहा है कि भैया दूज पर मकान स्वामी अपनी पत्नी व बच्चों के साथ बिलासपुर यूपी अपनी ससुराल गया था। घर पर ताला लगा देख चोरों ने मौका पाकर घर के मुख्य गेट का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया और अलमारी में रखी बीस हजार रुपये की नकदी और सोने का मंगलसूत्र, सोने के झुमके, चांदी के सिक्के, चांदी की पाजेब सहित कई कीमती सामान उड़ा दिया।

सूचना मिलने पर गुरुवार की सुबह मकान स्वामी घर पहुंचा। घर के हालात देखकर मकान स्वामी ने इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दी। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची ओर जानकारी ली। इस दौरान टीम को सीसीटीवी में तीन संदिग्ध नजर आये। इसके बाद पुलिस ने तीनों संदिग्ध युवकों की तलाश शुरू कर दी है। मकान स्वामी किशन ने बताया कि नकदी व जेवरात मिला कर करीब डेढ़ लाख रुपये की चोरी हुई है। साथ ही पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।

संबंधित समाचार