Farrukhabad News: जंगली जानवर के हमले में नानी-नाती घायल… दोनों की हालत गंभीर, दहशत का माहौल

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

फर्रुखाबाद में जंगली जानवर के हमले में नानी-नाती घायल।

फर्रुखाबाद में जंगली जानवर के हमले में नानी-नाती घायल हो गई। परिजनों ने दोनों को इलाज के लिए लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया। घटना से क्षेत्र में दहशत का माहौल है।

फर्रुखाबाद, अमृत विचार। कायमगंज कोतवाली क्षेत्र में गुरुवार को देर रात शौच के लिए गए एक बालक पर जंगली जानवर ने हमला कर दिया। बालक के साथ गई नानी ने जब उसे बचाने का प्रयास किया तो जंगली जानवर ने उस पर भी हमला बोल दिया। इसमें दोनों लोग बुरी तरह घायल हो गए। दोनों को सीएचसी में भर्ती कराया गया। हालत गंभीर होने पर दोनों को लोहिया अस्पताल रेफर कर दिया गया, जहां नाती की हालत चिंताजनक बनी हुई है।

कोतवाली क्षेत्र के गांव सत्तार नगर निवासी सुशीला देवी पत्नी शिबू सिंह अपने नाती अमन (8) को लेकर देर रात खेत में गई थी। इसी दौरान अमन पर जंगली जानवर ने हमला कर दिया। जब सुशीला ने बचाने का प्रयास किया तो उसने उसे भी घायल कर दिया। नानी के शोर मचाने पर पास पड़ोस के लोग चिल्लाते हुए घटनास्थल की तरफ भागे।

आवाज सुनकर जंगली जानवर दोनों को छोड़कर भाग गया। लोगों ने गंभीर रूप से घायल नानी और नाती को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कायमगंज में भर्ती कराया, जहां से उन्हें लोहिया अस्पताल रेफर कर दिया गया। लोहिया अस्पताल में अमन की हालत चिंताजनक बताई गई है। लोगों का कहना है कि इस क्षेत्र में आठ दिन पहले बाघ देखा गया था। हो सकता है बाघ ने ही नानी और नाती पर हमला किया हो। इसकी जांच पड़ताल की जा रही है।

उधर, जंगली जानवर के हमले की खबर से क्षेत्र में दहशत का माहौल है। अब किसान खेतों में जाने से कतराने लगा है। अमन के नाना शिबू सिंह ने बताया कि अमन पड़ोसी जिला कासगंज के थाना पटियाली के गांव दरगाह नगला निवासी सुंदर शाक्य का पुत्र है। सुंदर शाक्य दिल्ली में प्राइवेट नौकरी करता है। इस वजह से वह एक साल पहले अपने नाती को अपने साथ ले आए थे। वह ननिहाल में रह रहा था।

ये भी पढ़ें- Kanpur: ग्राम प्रधान ने साथियों के साथ मिलकर पीटा, पूर्व ज्येष ब्लॉक प्रमुख की इलाज के दौरान मौत, परिजनों ने किया हंगामा

संबंधित समाचार