बहराइच : आयुक्त ने घूस मांगने वाले लेखपाल को निलंबित करने के दिए निर्देश

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

संपूर्ण समाधान से नदारद दो बीडीओ समेत 6 अधिकारियों का रोका जाएगा वेतन

बहराइच/कैसरगंज, अमृत विचार। कैसरगंज में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस का शनिवार को देवीपाटन मंडल के आयुक्त ने औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान जरवल और कैसरगंज ब्लॉक के खंड विकास अधिकारी समेत जिस पर सभी का वेतन रोकने के निर्देश दिए। साथ ही घूसखोर लेखपाल को निलंबित करने की बात कही।

तहसील कैसरगंज में आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयुक्त देवीपाटन मण्डल गोण्डा योगेश्वर राम मिश्र द्वारा औचक निरीक्षण किया गया। सम्पूर्ण समाधान दिवस के औचक निरीक्षण के दौरान उप मुख्य पशु चिकित्साधिकारी कैसरगंज व उप मुख्य चिकित्साधिकारी, बीडीओ कैसरगंज व जरवल, अवर अभि लघु सिंचाई एवं विद्युत कैसरगंज के अनुपस्थित पाये जाने पर आयुक्त ने नाराज़गी व्यक्त करते हुए सम्बन्धित का स्पष्टीकरण प्राप्त करने तथा एक दिवस का वेतन बाधित करने का निर्देश दिया। 

तहसील में कार्यरत एक लेखपाल के स्तर पर 6 माह से अधिक अवधि का प्रकरण लम्बित पाये जाने पर आयुक्त द्वारा दोषी लेखपाल को तत्काल निलम्बित करने के भी निर्देश दिये गये। सम्पूर्ण समाधान दिवस के अवसर पर जन सुनवाई करते हुए आयुक्त ने 10 प्रकरणों में मौके पर राजस्व टीम को भेजकर प्राप्त शिकायतों का निस्तारण भी कराया। आयुक्त ने तहसील प्रशासन को निर्देश दिया कि ग्राम समाज की भूमि पर अवैध कब्ज़ों के मामलों में तत्काल बेदखली की कार्यवाही करते हुए सम्बन्धित से क्षतिपूर्ति की वसूली भी की जाय। पुलिस से सम्बन्धित एक प्रकरण की सुनवाई के दौरान आयुक्त ने थानाध्यक्ष हुज़ूरपुर को प्रकरण का तत्काल निस्तारण करने का निर्देश देते हुए सचेत किया कि अन्यथा की स्थिति में थानाध्यक्ष के विरूद्ध कार्रवाई की चेतावनी दी।

आयुक्त ने राजस्व अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देश दिया भूमि विवाद से सम्बन्धित प्रकरणों में एक पक्षीय कार्रवाई न करते हुए दोनों पक्षों की बात को सुनकर नियमानुसार निर्णय लें। कार्यवाही के दौरान पारदर्शिता भी परिलक्षित होनी वाहिए। आयुक्त ने अधिकारियों को यह भी निर्देश दिया है कि जनसुनवाई में आने वाले सभी गरीब, ज़रूरतमन्द तथा असहाय लोगों की हर संभव मदद की जाय तथा उन्हें उनकी पात्रता के अनुसार लाभान्वित भी किया जाय। इस दौरान एसडीएम पंकज कुमार दीक्षित, तहसीलदार, नायब तहसीलदार समेत अन्य मौजूद रहे।

ये भी पढ़ें -प्रयागराज : अशरफ की पत्नी, सालों और प्रधान पर दर्ज हुआ मुकदमा, वक्फ बोर्ड प्रॉपर्टी से जुड़ा है मामला

संबंधित समाचार