नैनीताल घूमने आएं तो दो दिन की होटल बुकिंग जरूरी

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

हल्द्वानी,अमृत विचार। नैनीताल जिले में या इसके आसपास अगर आप घूमने आ रहे हैं तो राज्य से बाहर से आने वाले पर्यटकों के लिए किसी भी रिसार्ट, होटल या होम स्टे में कम से कम दो दिन की बुकिंग जरूरी होगी। इसमें भी आईसीएमआर से अधिकृत सेंटर से कोविड टेस्ट की निगेटिव रिपोर्ट दिखाना जरूरी …

हल्द्वानी,अमृत विचार। नैनीताल जिले में या इसके आसपास अगर आप घूमने आ रहे हैं तो राज्य से बाहर से आने वाले पर्यटकों के लिए किसी भी रिसार्ट, होटल या होम स्टे में कम से कम दो दिन की बुकिंग जरूरी होगी। इसमें भी आईसीएमआर से अधिकृत सेंटर से कोविड टेस्ट की निगेटिव रिपोर्ट दिखाना जरूरी होगा। रिपोर्ट नहीं होने पर सीमा के चैक पोस्ट पर कोविड टेस्ट की सुविधा तो मिलेगी, लेकिन उसके लिए भुगतान भी करना होगा। इसके अलावा जिले में आने के लिए स्मार्ट सिटी वेबसाइट पर पंजीकरण कराना अनिवार्य है।

जिलाधिकारी सविन बंसल ने सोमवार को बताया कि नए आदेश के तहत जनपद में आने वाले लोगों को अपने साथ चार दिन या 96 घंटे की कोविड निगेटिव रिपोर्ट लानी होगी। यात्रियों के पास यह विकल्प होगा कि वे सीमा चैक पोस्ट, एयरपोट, रेलवे स्टेशन या आईसीएमआर कोविड अधिकृत कोविड टैस्टिंग लेब से भुगतान कर एन्टीजन टेस्ट करा सकते हैं।

जनपद में आने वाले प्रत्येक व्यक्ति को स्मार्ट सिटी की वेबसाइट पर पंजीकरण अनिवार्य होगा तथा आरोग्य सेतु एप्लीकेशन डाउनलोड करनी होगी। रजिस्ट्रेशन के समय जो भी दस्तावेज मांगे जाएंगे वे सभी अपलोड करने होंगे। जिलाधिकारी ने होटल प्रबंधकों से कहा है कि वे चाहें तो पर्यटकों के लिए भुगतान आधारित कोविड टेस्ट की व्यवस्था निजि लैब संचालकों से करा सकते हैं।

बता दें कि जिले में होटल संचालकों ने कहा था कि 96 घंटे पूर्व की कोरोना निगेटिव रिपोर्ट दिखाने के बाद अगर होटल संचालन किया जाता है तो यह गलत है। उनके मुताबिक ऐसे में पर्यटक यहां नहीं आएंगे। सोमवार को इस मामले में जब डीएम सविन बंसल ने समीक्षा की तो लगा कि होटल संचालकों को पर्यटन गतिविधियों के लिए कुछ छूट मिल सकती है। मगर ऐसा नहीं हुआ है। अब इस आदेश के बाद होटल संचालकों का क्या कदम होगा यह अभी अनिश्चित है।

संबंधित समाचार