अमरोहा : फर्जी वारंट तैयार कर मांगी 25,000 की रंगदारी, रिपोर्ट

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

अमरोहा, अमृत विचार। नौगावां सादात क्षेत्र में फर्जी वारंट तैयार कर 25,000 रुपये की रंगदारी मांगी गई। इनकार करने पर आरोपियों ने वारंट सोशल मीडिया पर वायरल कर बदनाम कर दिया। कूटरचित वारंट पर कोर्ट की मुहर लगी देख पुलिस भी दंग रह गई। पुलिस ने दो लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

नौगावां सादात के मुहल्ला राज वाली मस्जिद निवासी मोहम्मद अस्करी के मुताबिक दो साल पहले थाने में दो पक्षों के बीच हुई मारपीट की रिपोर्ट दर्ज हुई थी। इस मामले में वह नामजद नहीं थे। पुलिस ने विवेचना में उनका नाम भी इसमें शामिल करते हुए कोर्ट में चार्जशीट दाखिल कर दी थी।

जमानत कराने के बाद से वह हर तारीख पर कोर्ट में पेश हो रहे हैं। आरोप है कि बस्ती के हफ्ता बाजार निवासी जावेद अब्बास व दौलत शहीद निवासी मोहम्मद काजिम ने उनका फर्जी वारंट तैयार कर लिया। इस पर कोर्ट की मुहर भी लगी थी। दोनों ने मोहम्मद अस्करी के पास वारंट की फोटो कॉपी भेजते हुए गिरफ्तारी का डर दिखाया। जेल जाने से बचने के लिए 25,000 रुपये की रंगदारी मांगी।

इनकार करने पर आरोपियों ने कूटरचित वारंट को व्हाट्सएप्प ग्रुप पर वायरल कर दिया। शिकायत करने पर आरोपियों ने गाली-गलौज व मारपीट की। मामले में पुलिस ने कार्रवाई नहीं की। लिहाजा, पीड़ित ने कोर्ट की शरण ली। सीओ अंजलि कटारिया ने बताया कि इस मामले में आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच कराई जा रही है।

ये भी पढ़ें:- संभल: वारदातों के खुलासे में नाकाम कैलादेवी थानाध्यक्ष लाइन हाजिर, कई के तबादले

संबंधित समाचार