Ayodhya accident : हाईवे बाईपास पर बैलगाड़ी में भिड़ी बाइक, एक की मौत
अयोध्या,अमृत विचार। नगर कोतवाली क्षेत्र के हाईवे बाईपास क्षेत्र में रविवार की देर शाम हुई दुर्घटना में एक युवक की मौत हो गई। हालांकि बाइक सवार अन्य युवकों को खरोंच तक नहीं आई। बताया गया कि अयोध्या कोतवाली क्षेत्र के रानोपाली जोगियाना का निवासी 20 वर्षीय मेराज पुत्र कयूम रविवार की देर शाम अपने घर से अयोध्या बाईपास के रास्ते फतेहगंज चौक की ओर जा रहा था। इसी दौरान नगर कोतवाली के बाईपास क्षेत्र में उसकी बाइक एक बैलगाड़ी में जा भिड़ी। दुर्घटना के बाद युवक मेराज बेहोश हो गया,जबकि उसके साथ बाइक पर सवार युवकों को खरोंच तक नहीं आई। साथियों की ओर से हादसे की जानकारी परिवार को दी गई तो उसके भाई साजिद ने उसको जिला अस्पताल पहुंचाया।
जिला अस्पताल प्रशासन का कहना है कि जिला अस्पताल लाए जाने पर इमरजेंसी ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक ने परीक्षण के बाद मेराज को मृत घोषित कर दिया और शव को मोर्चरी में रखवा पोस्टमार्टम के लिए मेमो नगर कोतवाली को भेजवाया है। चिकित्सक का कहना है कि मृतक को कोई बाहरी चोट नहीं थी।
ये भी पढ़ें -World cup 2023 : भारत की हार पर निराश हुए फैंस, राजधानी में जीत को लेकर की थीं बड़ी तैयारियां
