बरेली: जाम छलकाने के दौरान पुलिसकर्मियों में मारपीट, पांच निलंबित
मेडिकल रिपोर्ट में शराब पीने की पुष्टि, एसएसपी ने की कार्रवाई
बरेली/आंवला, अमृत विचार : आंवला थाने की कस्बा चौकी में तैनात चार पुलिसकर्मी और बिशारतगंज थाने में तैनात एक सिपाही ने शनिवार देर रात एक जगह पर दारू पार्टी की। इसके बाद सभी में नशे के दौरान विवाद हो गया और जमकर मारपीट हुई। इसके बाद चौकी में मारपीट हुई। सूचना पर थाना पुलिस को देखकर कुछ पुलिस कर्मी मौके से फरार हो गए, जबकि तीन को दबोच लिया गया।
तीनों पुलिसकर्मियों के मेडिकल परीक्षण में शराब पीने की पुष्टि हुई। इसकी रिपोर्ट एसएसपी घुले सुशील चंद्रभान को भेजी गई है। देर रात मामले में एसएसपी ने पांचों पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया। पुलिसकर्मी शनिवार देर रात शराब पार्टी कर रहे थे। शराब के नशे में किसी बात को लेकर विवाद हो गया। इस पर कस्बा चौकी के पुलिसकर्मी चौकी चले गए। इस बात पर भड़के अन्य पुलिसकर्मी चौकी पर पहुंच गए।
आपस में गाली गलौज करने के साथ मारपीट करने लगे। शोर-शराबा सुनकर मोहल्ले के लोग जाग गए। इसी बीच किसी ने थाने में सूचना दी। इंस्पेक्टर आंवला राजकुमार शर्मा पुलिस बल के साथ चौकी पहुंचे। इंस्पेक्टर को देख पुलिसकर्मी फरार हो गए। तीन पुलिसकर्मियों को मौके पर दबोच लिया गया, करीब दो घंटे तक थाना पुलिस अन्य कर्मियों को खोजती रही, मगर वे हाथ नहीं आए।
इंस्पेक्टर ने तीनों पुलिसकर्मियों का रात में ही मेडिकल कराया। बताते हैं कि रुपये के लेनदेन को लेकर पुलिस कर्मी आपस में भिड़े थे। आंवला थाने के सिपाही बॉबी, तरुण कुमार और बिशारतगंज थाने के सिपाही महेंद्र का मेडिकल कराया गया, जिसमें उनके नशे में होने की पुष्टि हुई। रिपोर्ट एसएसपी को भेजी गई।
मामले में एसएसपी ने आरक्षी तरुण कुमार, बॉबी कुमार, कृष्ण देशवाल, दीपक कुमार और महेन्द्र कुमार को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। मामले की जांच सीओ फरीदपुर को सौंपी गई है।
पुलिस कर्मी शराब की पार्टी कर रहे थे। इस दौरान किसी बात को लेकर आपस में भिड़ गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने तीन को पकड़ कर मेडिकल परीक्षण कराया। जिसमें शराब पीने की पुष्टि हुई। तीनों का मेडिकल रिपोर्ट एसएसपी को भेजी गई है।- मुकेश चन्द मिश्रा, एसपी देहात
ये भी पढ़ें - बरेली: शक में महिला की हत्या कर शव पुआल में डालकर जलाया, अधजले शव को नोचकर खा रहे थे कुत्ते
