मुरादाबाद : बड़े भाई को चाकू से गोदकर उतारा मौत के घाट, आरोपी गिरफ्तार

Amrit Vichar Network
Published By Bhawna
On

संपत्ति के विवाद में रिश्तों का खून, मृतक के परिवार में पत्नी व एक बेटी, संपत्ति को लेकर भाइयों के बीच चल रहा था विवाद, मृतक के शरीर पर कई जगह लगे चाकू

मुरादाबाद,अमृत विचार। बड़े भाई काे चाकू से गोदकर मौत के घाट उतार दिया है। घटना के बाद घर में कोहराम मच गया। जानकारी पाकर मौके पर पहुंचे मुहल्ले और आसपड़ोसियों की भीड़ है। घटना रविवार रात मुगलपुरा थाना क्षेत्र के वारसीनगर की है। मामला इस्तेकार के परिवार का है। इनके चार बेटे हैं। इनमें गुड्डू, पप्पू, परवेज और जमशेद हैं। वारदात के बाद पूरे मुहल्ले में लोगों के बीच सनसनी फैल गई। कुछ देर पर मौके पर थानाध्यक्ष मनोज कुमार पुलिस बल के साथ पहुंचे और हत्यारोपी को दबोच लिया। पकड़े गए आरोपी से आला कत्ल भी बरामद कर लिया है। बताया जा रहा है कि जमशेद ने अपने बड़े भाई परवेज को मार डाला है। मृतक

परवेज (28) पीतल के उत्पादों में पॉलिश करने का काम करते थे। इनके परिवार में पत्नी फरहा और 16 वर्षीय एक बेटी है। घटना के बाद मृतक की पत्नी और बेटी का रो-रोकर बुरा हाल है। हत्यारोपी छोटा भाई जमशेद (25) भी पीतल के बर्तनाें पर कलर करने का काम करता है। मृतक के परिवार के लोगों का आरोप है कि आरोपी जमशेद मृतक परवेज की पत्नी को जमशेद गलत निगाह से देखता है।

घटना की जानकारी पाकर मौके पर पहुंचे एसपी सिटी अखिलेश भदौरिया ने बताया कि दोनों भाइयों के बीच में पारिवारिक विवाद चल रहा था। इसी में छोटे भाई जमशेद ने अपने बड़े भाई को मार डाला है। एसपी सिटी ने यह भी बताया कि गिरफ्तार हत्यारोपी ने प्रारंभिक पूछताछ में बताया है कि उसके दो मंजिला मकान के प्रथम तल पर कब्जा लेने के लिए उसका बड़ा भाई अड़ा था। उसने रविवार को भी हुए विवाद में मां को अपशब्द कह दिए थे, इसी से वह बड़े भाई से नाराज था। जिसके चलते उसने चाकू से हमलाकर दिया और इसमें उसके भाई की मौत हो गई है।

एसपी सिटी ने बताया कि घटना के संबंध में आरोपी के विरुद्ध एफआईआर दर्ज की जा रही है। उधर, थानाध्यक्ष मनोज कुमार ने बताया कि मृतक परवेज और उसके छोटे भाई जमशेद के बीच संपत्ति बंटवारे को लेकर विवाद चल रहा था। इसी क्रम में रविवार को भी इन लोगों के बीच आपस में झगड़ा हुआ और इसी में छोटे भाई जमशेद ने परवेज पर चाकू से हमला बोल दिया था। मृतक परवेज के शरीर में कई जगह चाकू से घाव हैं। उसके गले में सामने से गहराई में चाकू लगा है। उन्होंने बताया कि इन लोगों का पिता इस्तेकार की पहले ही मौत हो चुकी है, जबकि मां अभी जीवित है।

ये भी पढ़ें : मुरादाबाद: नौ लाख लूट की मनगढ़ंत कहानी गढ़ने वाले जनसेवा केंद्र कर्मी समेत दो दबोचे

संबंधित समाचार