काशीपुर: दबंगों ने दो भाइयों को मारपीट कर किया घायल
काशीपुर, अमृत विचार। मामूली कहासुनी में दबंगों ने दो भाईयों को मारपीट कर घायल कर दिया। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज जांच शुरू कर दी है।
महुआखेड़ागंज मोहल्ला जामा मस्जिद निवासी साईम रजा ने पैगा चौकी पुलिस को तहरीर देकर बताया कि वह बीती 17 नवंबर की सुबह अपने भाई नासिर हुसैन के साथ घर के दरवाजे पर खड़ा था। इस दौरान पड़ोसी आरिफ उसके भाई मुनाजिर के बारे में पूछने लगा।
जिस पर पीड़ित ने अपने भाई मुनाजिर को फोन करने की बात कही। इस बात पर आरिफ गाली- गलौच कर कहने लगा कि मुनाजिर घर में है और तुम झूठ बोल रहे हो। विरोध करने पर आरिफ ने फोन कर अपने भाई मौ. आसिम, शाकिर व जाकिर हुसैन को मौके पर बुला लिया। जिसके बाद सभी ने पीड़ित के साथ गाली-गलौज कर मारपीट शुरू कर दी।
आरोप है कि हमलावरों ने डंडो, बेल्ट व नुकीले हथियार से उसे व उसके भाई को मारपीट कर घायल कर दिया। इस दौरान शोर होने पर उसके पिता व अन्य लोगों ने उन्हें बचाया। बाद में आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गये। पुलिस ने तहरीर के आधार पर आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
