हल्द्वानी: कुरियागांव की सिंचाई नहर में मिला महिला का शव

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

हल्द्वानी, अमृत विचार। कठघरिया क्षेत्र में कुरियागांव की सिंचाई नहर में एक महिला का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को अपने कब्जे लेकर मोर्चरी में भेज दिया। महिला की अभी तक शिनाख्त नहीं हो पाई है। 

मुखानी थाना इंचार्ज प्रमोद पाठक ने जानकारी दी कि रविवार देर रात करीब 12:20 बजे एक किसान खेत में पानी लगा रहा ​था। नहर में कूड़ा फंसा होने का अनुमान लगाकर किसान नहर में उतर गया। नहर में उतरकर जब उसने कूड़े को खींचा तो उसमें महिला की लाश निकली।

उसने पुलिस को सूचना दी। मौके पर तुरंत पुलिस पहुंची और शव को देर रात कब्जे में ले लिया। सुबह महिला की ​शिनाख्त कराने का प्रयास किया गया। जांच में पता चला कि महिला के सिर पर चोट और बदन पर रगड़ के निशान हैं। पुलिस मान रही है कि नहर में गिरने की वजह से ये निशान बने होंगे।

पुलिस ने आसपास के थानों और चौकियों में भी मृतका की सूचना भेज दी है। उधर एसपी सिटी हरबंस सिंह ने कहा कि शव की पहचान कराई जा रही है। कहा कि शव को मोर्चरी में रखा गया है। पोस्टमार्टम के बाद ​स्थिति साफ होगी।

संबंधित समाचार