प्रतापगढ़: टेम्पो चालक की हत्या में पिता-पुत्र पर मुकदमा दर्ज, एक गिरफ्तार
पट्टी/प्रतापगढ़। बाजार में बेटी की शादी का सामान खरीदने गए टेंपो चालक की कहासुनी को लेकर बुधवार को लाठी डंडे से पीट पीट कर हत्या कर दी गई। मामले में मृतक के बेटे की तहरीर पर पड़ोस गांव के पिता-पुत्र के खिलाफ हत्या समेत अन्य धाराओं में केस दर्ज कर पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। शाम को परिजनों के साथ ग्रामीणों ने घटना स्थल के पास चौराहे पर शव रखकर सड़क जाम कर दिया। अफसरों के आश्वासन पर एक घण्टे बाद जाम हटा।
पट्टी के सांगापट्टी गांव निवासी काशी प्रसाद मिश्र (58) बेटी की शादी का सामान खरीदने बुधवार शाम करीब चार बजे अपनी टेंपो से पट्टी कोतवाली के उड़ैयाडीह बाजार में गए थे। इस दौरान वहां कुछ लोगों ने कहासुनी के बाद काशी प्रसाद को लाठी डंडे से पीटकर मरणासन्न कर दिया। उपचार के लिए सीएचसी बेलखरनाथ धाम ले गए। वहां से नाजुक हालत में मेडिकल कालेज के राजा प्रताप बहादुर अस्पताल रेफर कर दिया गया। जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
गुरुवार को बेटे की तहरीर पर पड़ोस गांव के भदेवरा निवासी शिवा पुत्र रमाशंकर सिंह व रमाशंकर सिंह पुत्र विजय सिंह के खिलाफ हत्या समेत अन्य धारा में केस दर्ज किया गया। पुलिस ने शिवा को गिरफ्तार कर लिया। पोस्टमार्टम के बाद शव आने पर परिजनों ने ग्रामीणों के साथ घटना स्थल के पास चौराहे पर शव रखकर सड़क जाम कर दिया। थानाध्यक्ष अर्जुन सिंह मयफोर्स पहुंचे। कुछ देर में सीओ पट्टी दिलीप सिंह भी पहुंचे।
सड़क जाम होने की सूचना पर एएसपी पूर्वी विद्यासागर मिश्र,एसडीएम पट्टी देशदीपक सिंह पहुंचे। मृतक के पुत्र वीरेंद्र मिश्र ने 50 लाख रूपये नगद, एक बीघा जमीन, नौकरी की मांग रखी। एसडीएम पट्टी देशदीपक सिंह के आश्वासन पर शव हटाकर अंतिम संस्कार के लिए तैयार हुए। इसके बाद अफसरों ने राहत की सांस ली। इस दौरान भारतीय ब्राह्मण समाज के प्रदेश प्रभारी प्रवीण मिश्र, संतोष मिश्र,संदीप मिश्र, ग्राम प्रधान सांगा पट्टी चंद्रमणि आदि लोग मौजूद रहे।
दो बेटियों की डोली से पहले उठी बाबुल की अर्थी
मृतक टेम्पों चालक सांगापट्टी गांव निवासी काशी प्रसाद मिश्र के एक बेटा तथा चार बेटियां हैं। दो बेटियों की शादी तय हैं,बेटी बबली की शादी दिसम्बर में है। दो बेटियों की शादी से पहले पिता की अर्थी उठने से परिजन बेहाल हैं।
यह भी पढ़ें:-Ayodhya Panchkosi Parikrama: आस्था और भक्ति के आगे भूल गए उम्र की थकान, बुजुर्गों ने डंडे के सहारे पूरी की परिक्रमा
