बदायूं: ब्रेक फेल होने से ओवरब्रिज से उतरी बस, एक की मौत, दो घायल

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बदायूं, अमृत विचार : अलापुर की ओर से जा रही प्राइवेट बस के कोतवाली सिविल लाइन क्षेत्र में ओवरब्रिज पर चढ़ते समय अचानक ब्रेक फेल होने से बस पीछे की ओर चलने लगी। बस के पहिया से कुचलकर गन्ना बेच रहे बरेली निवासी युवक की मौत हो गई जबकि स्कूटी सवार पति-पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गए। जिस पर लोगों ने सड़क पर जाम लगाने की कोशिश की।

सीओ सिटी आलोक मिश्रा ने लोगों को समझाकर शांत करा दिया। शव को मोर्चरी में रखवाया गया है। घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती किया गया। गुरुवार को यूपी 15 सीटी 8148 नंबर की प्राइवेट बस सवारियां लेकर अलापुर की ओर से शहर में आ रही थी। देर शाम लगभग सवा आठ बजे संतोख सिंह तिराहे से ओवरब्रिज पर चढ़ी। चढ़ने के दौरान ही बस के ब्रेक फेल हो गए।

चालक ने कोशिश की लेकिन बस ओवरब्रिज से पीछे उतर गई। सड़क किनारे गन्ना बेच रहे युवक पर जा चढ़ी। युवक को वहां से भागने तक का मौका नहीं मिला। चप्पलें वहीं पड़ी रहीं। पीछे से स्कूटी से आ रहे मंडी समिति निवासी तेल व्यापारी ओमप्रकाश को टक्कर मारती हुई पीछे चलती गई। स्कूटी पर साथ में सवार उनकी पत्नी मीना देवी और वह बस के पहिया के नीचे स्कूटी के साथ खिंसकते हुए गए।

तब तक गन्ना विक्रेता की मौत हो गई। सूचना मिलने पर सीओ सिटी, सिविल लाइन कोतवाल गौरव विश्नोई, सदर कोतवाल विजेंद्र सिंह, यातायात निरीक्षक कमलेश कुमार मिश्रा मौके पर पहुंचे। लोग जाम लगाने की बात कर रहे थे। उन्हें बस चालक के खिलाफ कार्रवाई का आश्वासन दिया गया। वह लोग मान गए। पुलिस ने डीएम रोड से वाहनों को भेजा। मौके से बस को हटाया। घायलों को जिला अस्पताल भेजा।

सूचना मिलने पर मृतक के मामा शहर के शिव कॉलोनी निवासी विनीत मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि मृतक उनका भांजा था। उसका नाम बलवीर था। अपने माता-पिता की मौत के बाद बलवीर उनके साथ रह रहे थे। बस की फिटनेस 22 मार्च 2024 तक और परमिट 2028 तक का है। शुक्रवार को शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा।

ये भी पढ़ें - बदायूं: जमीन बेचने के विवाद में युवक ने पिता की गोली मारकर की हत्या

संबंधित समाचार