Kanpur Dehat Accident: सेहरा बंधने से पहले उठी अर्थी, 28 नवंबर को होनी थी शादी, चार लोगों की हादसे में मौत का मामला
कानपुर देहात में सड़क हादसे में भाई-बहन समेत चार लोगों की मौत हो गई थी।
कानपुर देहात में सड़क हादसे में भाई-बहन समेत चार लोगों की मौत हो गई थी। शुक्रवार को नम आंखों के बीच यमुना नदी घाट पर युवक का अंतिम संस्कार हुआ। परिजन शव देखकर बिलखते रहे।
कानपुर देहात, अमृत विचार। खुद की शादी के लिए बहन, भांजे, भांजियों आदि को लेकर घर आ रहे युवक की कार पेड़ से टकराने के बाद चार लोगों की मौत हो गई थी। गुरुवार शाम पोस्टमार्टम के बाद मृतक युवक की शव भैथाना गांव पहुंचा तो परिजनों में कोहराम मच गया। परिजन पूरी रात बिलखते रहे। सुबह शव का अंतिम संस्कार यमुना नदी घाट पर कर दिया गया।
बता दें कि गजनेर थाना क्षेत्र के भैथाना गांव निवासी जय सिंह (28) की 28 नवंबर को शादी थी। वह बुधवार शाम जनपद औरैया के थाना विधूना के बंथरा निवासी सगी बहन प्रिया सेंगर (40) को लेने के लिए किराये की कार लेकर गया था। कार को चालक प्रदीप चला रहा था। देर रात जय सिंह औरैया से बहन प्रिया सेंगर, भांजी प्रतीक्षा उर्फ पलक (15), प्रज्ञा उर्फ पारुल (14), भांजा कन्हैया (7), भतीजा अंश चौहान (8), पारिवारिक भांजी प्रिया (14) व पारिवारिक दादी रन्नो देवी (75) निवासी बंथरा विधूना को कार में बैठाकर घर ला रहे थे।
तभी गजनेर थाना क्षेत्र की पामां चौकी अंतर्गत ह्रदयपुर गांव के पास चालक प्रदीप को अचानक झपकी आ गई। जिससे कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खडे़ पेड़ से जा टकरा गई थी। हादसे में जय सिंह, बहन प्रिया, पारिवारिक भांजी प्रिया व पारिवारिक दादी रन्नो देवी की मौत हो गई थी। जबकि अन्य पांच लोग घायल हो गए थे।
सूचना पर पहुंचे एसपी बीबीजीटीएस मूर्ति ने घायलों को जिला अस्पताल भेजकर मदद का आश्वासन दिया था। वहीं गुरुवार शाम को पोस्टमार्टम के बाद जय सिंह का शव भैथाना गांव पहुंचा तो कोहराम मच गया और बड़ी संख्या में लोग जुट गए। परिजन पूरी रात रोते-बिलखते रहे। वहीं शुक्रवार सुबह नम आंखों के बीच शव मूसानगर क्षेत्र के चपरघटा में यमुना नदी घाट पर अंतिम संस्कार कर दिया गया।
घायल चालक व बालक की हालत नाजुक
कार दुर्घटना में घायल चालक प्रदीप व मृतक जय सिंह के करीब आठ वर्षीय भतीजे अंश चौहान को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल से कानपुर हैलट रेफर किया गया था। जहां पर दूसरे दिन भी दोनों की हालत नाजुक बनी हुई है। परिजनों के अनुसार दुर्घटना में बालक का काफी खून बह गया था। ऐसे में चिकित्सकों ने ब्लड की मांग की है। जिसका प्रबंध किया जा रहा है।
