Kanpur Dehat: ट्रक से डीसीएम भिड़ंत में एक की मौत, दो घायल, मैनपुरी से लहसुन लादकर कानपुर की चकरपुर मंडी जा रही DCM
कानपुर देहात में ट्रक से डीसीएम भिड़ने में एक की मौत।
कानपुर देहात में ट्रक से डीसीएम भिड़ने में एक की मौत हो गई। हादसे में दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाकर परिजनों को सूचना दी।
कानपुर देहात, अमृत विचार। कोरौवा ओवरब्रिज के समीप लहसुन लदी डीसीएम की हाईवे किनारे खड़े ट्रक से जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में डीसीएम सवार मैनपुरी निवासी युवक की मौत हो गई। जबकि मैनपुरी के ही दो व्यक्ति घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को जिला अस्पताल भेजा। वहीं क्रेन से क्षतिग्रस्त वाहनों को हाईवे से हटवाया।
जनपद मैनपुरी से लहसुन लादकर शुक्रवार रात एक डीसीएम कानपुर नगर की चकरपुर मंडी जा रही थी। तभी सिकंदरा थाना क्षेत्र के कोरौवा ओवरब्रिज के समीप डीसीएम हाईवे किनारे खड़े ट्रक में पीछे से जाकर टकरा गई। जिससे डीसीएम में सवार मैनपुरी के थाना घिरौर के नगला भगिया निवासी सतेंद्र उर्फ लहिया (28), मैनपुरी के घिरौर क्षेत्र के मुगलपुर निवासी धर्मेंद्र (28) व यहीं के प्रशांत घायल हो गए।
सूचना पर पहुंची सिकंदरा पुलिस ने आनन-फानन घायलों को एंबुलेंस से जिला अस्पताल अकबरपुर भेजा। जहां ईएमओ डॉ. निशांत पाठक ने सतेंद्र उर्फ लहिया को मृत घोषित कर दिया। जबकि अन्य का उपचार किया गया। हादसे के बाद चालक ट्रक लेकर मौके से फरार हो गया। हादसे के चलते कानपुर-औरैया हाईवे पर यातायात कुछ देर के लिए प्रभावित रहा।
थाना प्रभारी अमरेंद्र बहादुर सिंह ने बताया कि मृतक के परिजनों को सूचना देते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। दुर्घटनाग्रस्त वाहन को क्रेन की मदद से हाईवे से हटवाकर यातायात सुचारू करा दिया गया है।
ये भी पढ़ें- Kanpur Fire : फर्नीचर गोदाम में लगी भीषण आग, लोगों में मची अफरा-तफरी, दमकल ने पाया काबू
