बिजनौर: विपक्ष के लोगों को झूठे मुकदमे में फंसा रही भाजपा सरकार: अखिलेश यादव

Amrit Vichar Network
Published By Moazzam Beg
On

बिजनौर, अमृत विचार। सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने प्रधानमंत्री व प्रदेश के मुख्यमंत्री का नाम लिए बिना निशाना साधा। कहा, भाजपा सरकार विपक्षी दलों के लोगों को झूठे मुकदमे में फंसाकर जेल में डालने का काम कर रही है।

क्रिकेट विश्व कप को लेकर कहा कि यदि मैच लखनऊ में समाजवादियों के बनाए गए स्टेडियम में होता तो परिणाम कुछ और ही होता। हमने स्टेडियम का नाम भगवान के नाम पर रखा था, जबकि भाजपा ने उसे बदलकर पूर्व  प्रधानमंत्री के नाम पर रख दिया था। यहां क्रिकेट का फाइनल मैच होता तो दोनों का आशीर्वाद मिलता और भारत जीतता।

सपा प्रमुख अखिलेश यादव नूरपुर के खालसा इंटर कॉलेज में सामाजिक न्याय यात्रा के समापन अवसर पर बतौर मुख्य अतिथि कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि यह यात्रा सामाजिक न्याय यात्रा में पिछड़े, दलितों, अल्पसंख्यकों के हित में आवाज बुलंद करने वाली है। देश को विश्व गुरू बनाने के मुद्दे पर कटाक्ष करते हुए कहा कि भाजपा राज में भारत कभी विश्व गुरू नहीं बन सकता। उन्होंने सरकार की नीतियों पर भी सवाल उठाए। आरोप मढ़ा कि केंद्र सरकार सरकारी कंपनियों को बेच रही है जो आर्थिक नीतियों के खिलाफ है। 

उन्होंने जनता से अपने वोट के अधिकार को हथियार बनाने की बात कही।  मुख्यमंत्री का नाम लिए बिना उन पर अंग्रेजी में झूठ बोल कर जनता को बरगलाने का आरोप लगाया। कहा, प्रदेश के मुख्यमंत्री बाबा जब झूठ बोलते हैं तो अंग्रेजी का सहारा लेते हैं, जिससे जनता को पता न चल पाए।

उन्होंने राज्य सरकार पर किसानों, बेरोजगारों, मजदूरों को झूठ बोल कर ठगने की बात कही। बोले, विपक्षी पार्टी के लोगों को एजेंसियों के जाल में फंसा कर गन्दी राजनीति की जा रही है। 33 मिनट के संबोधन में सपा प्रमुख ने केन्द्र व राज्य सरकार को घेरने का प्रयास किया। लोगों और कार्यकर्ताओं से सपा को मजबूत करने की अपील की। 

इस मौके पर नूरपुर विधायक राम अवतार सैनी, चांदपुर विधायक स्वामी ओमवेश, नगीना विधायक मनोज पारस, पूर्व सांसद यशवीर धोबी, सपा जिलाध्यक्ष अनिल यादव, पूर्व मंत्री महबूब अली, बीके कश्यप, शेख सुलेमान, तस्लीम अहमद, अल्फाज पप्पू, नइमूल हसन, अतुल प्रधान, फहीम अहमद, रमेश तोमर, चंदन चौहान, शिव चरण कश्यप, कुंतेश सैनी, प्रभा चौधरी, डीपी सिंह, रुचि वीरा आदि लोग मौजूद रहे।

ये भी पढे़ं- बिजनौर : 13 वर्षीय किशोरी से दुष्कर्म, आरोपी गिरफ्तार

 

संबंधित समाचार