विश्व शांति एवं गौसंवर्धन के लिए उदासीन आश्रम मथुरा में होगा विष्णु महायज्ञ 

विश्व शांति एवं गौसंवर्धन के लिए उदासीन आश्रम मथुरा में होगा विष्णु महायज्ञ 

मथुरा। श्रीचन्द महराज एवं बाबा दयाल की तपस्थली उदासीन आश्रम जयसिंहपुरा में रविवार यानि आज से विष्णु महायज्ञ का आयोजन होने जा रहा है। विश्व शांति एवं गोसंवर्धन के लिए आयोजित यह महायज्ञ 26 नवंबर से 2 दिसंबर तक चलेगा। इस आयोजन में ब्रज के साथ ही देश के विभिन्न भागों से प्रतिष्ठित संतों के भाग लेने की संभावना है। इस कार्यक्रम में भाग लेने के लिए देश के विभिन्न भागों से अब तक सैकड़ों लोग आ चुके हैं। 

कार्यक्रम की रूप रेखा बताते हुए उदासीन आश्रम जयसिंहपुरा के महन्त हरिशरणानन्द महराज ने बताया कि यज्ञ के प्रथम दिन 26 नवंबर को सुबह 8 बजे से कलशयात्रा निकाली जाएगी तथा दस बजे ध्वजारोहण होगा। दस बजे से 2 बजे तक श्रीमदभागवत ज्ञान यज्ञ मे महाराष्ट्र के चेतन साधक परिवार के अध्यक्ष संत गोपाल चैतन्य महाराज का प्रवचन नित्य होगा। 

यज्ञ का प्रारंभ इसी दिन अपरान्ह 3 बजे से अरण्य मंथन से होगा तथा इसमें देश के जाने माने संत सामूहिक रूप से महायज्ञ का उदघाटन करने के साथ ही अपनी आहुतियां देंगे। उन्होंने बताया इसी क्रम में नित्य रात 7 बजे से रासलीला का आयोजन किया जाएगा । अगले दिनों के कार्यक्रम में नित्य प्रातः प्रभातफेरी निकाली जाएगी, उसके बाद यज्ञ में आहुतियां डाली जाएंगी। अपरान्ह 4 बजे से 7 बजे तक नित्य महायज्ञ पूजा होगी। 

उन्होंने बताया कि महायज्ञ का समापन 2 दिसंबर को संत सम्मेलन से होगा जिसमें विश्व शांति के लिए रूस और यूक्रेन तथा इजरायल और हमास के बीच चल रहे विवाद को सुलझाने के लिए संतो द्वारा विष्णु भगवान से सामूहिक रूप से प्रार्थना की जाएगी । संतों की सामूहिक प्रार्थना के बाद उपस्थित समुदाय द्वारा अलग से सामूहिक प्रार्थना उक्त विवादों को सुलझाने के लिए की जाएगी

ये भी पढ़ें- मथुरा: तपस्वी संत गीतानन्द महराज की 19वीं पुण्यतिथि मनाने वृंदावन में हो रही तैयारियां