Kanpur Dehat News: फंदे पर झूले युवक की जेब में मिला सुसाइड नोट, परिजनों ने फैक्ट्री में शव रखकर किया हंगामा
कानपुर देहात में युवक की मौत से नाराज परिजनों ने फैक्ट्री के बाहर किया हंगामा।
कानपुर देहात में फैक्ट्री में ठेकेदार के जरिये काम करने वाले युवक ने फांसी लगाकर जान दे दी थी। घटना से आक्रोशित परिजनों ने शव रखकर जमकर हंगामा किया।
कानपुर देहात, अमृत विचार। रनियां स्थित शराब बनाने वाली फैक्ट्री में ठेकेदार के जरिये काम करने वाले युवक ने शनिवार रात चिरौरा गांव के बाहर पेड़ से फंदा लगाकर जान दे दी। उसकी जेब में सुसाइड नोट मिला है। जिसमे मृतक ने साथ में ही काम करने वाले लोगों व ठेकेदार पर आरोप लगाए हैं।
वहीं आक्रोशित परिजनों ने फैक्ट्री के अंदर सुबह दस बजे शव रखकर हंगामा शुरू कर दिया, जो शाम तक जारी है। पुलिस परिजनों को समझाने का प्रयास कर रही है।
रनियां थाना क्षेत्र के चिरौरा गांव निवासी छुन्नु कुशवाहा का बेटा केशव कुशवाहा (21) चिरौरा स्थित एक शराब फैक्ट्री में ठेकेदार ब्रजेश कुमार वर्मा के माध्यम से सुपरवाइजर का काम करता था।
दीपावली पर ठेकेदार व सुपरवाइजर के बीच बोनस को लेकर कहासुनी हुई थी। आरोप है कि ठेकेदार ने पांच हजार बोनस की जगह सुपरवाइजर को केवल एक हजार रुपये दिया था। इसको लेकर ठेकेदार व सुपरवाइजर के बीच झगड़ा हो गया था। सार्वजनिक रूप से अपमानित करने के चलते केशव मानसिक रूप से परेशान चल रहा था।
शनिवार की रात केशव कुशवाहा घर में बिना बताए चला गया और रात में गांव के बाहर नीम के पेड़ से फंदा लगाकर जान दे दी। रविवार सु बह गांव के लोगो ने शव लटका देखा तो परिजनों को सूचना दी।
जानकारी पर मृतक के पिता छुन्नू कुशवाहा, मां राम दुलारी, बहन कविता, भाई विपिन समेत अन्य परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल रहा। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को नीचे उतारकर कब्जे में लिया।
वहीं मौके पर गई फॉरेंसिंक टीम ने साक्ष्य संकलित किए। तलाशी के दौरान मृतक की जेब से सुसाइड नोट मिला। जिसमे फैक्ट्री ठेकेदार समेत अन्य लोगों पर गंभीर आरोप लगाए गए थे।
जानकारी पर आक्रोशित परिजन शव लेकर फैक्ट्री के अंदर पहुंच गए और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई व मुआवजा की मांग करने लगे। मौके पर पहुंची पुलिस ने लोगों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन परिजन कार्रवाई की मांग पर अड़े रहे।
सुबह दस बजे से चल रहे हंगामे के बाद पुलिस ने शाम करीब पौने चार बजे तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज की। इस संबध में रनियां थाना प्रभारी महेंद्र कुमार पटेल ने बताया कि मृतक के पिता छुन्नू कुशवाहा की तहरीर पर ठेकेदार ब्रजेश वर्मा, योगेश मौर्य व महेश यादव के खिलाफ आत्महत्या दुष्प्रेरण की रिपोर्ट दर्ज की गई है।
ये भी पढ़ें- Kanpur Dehat News: पूर्व सीएम अखिलेश यादव ने BJP को घेरा, अग्निवीरों के नियमितीकरण, बढ़ते अपराध पर ये बोले
