बाराबंकी में पत्नी के सिर पर पति ने किये फावड़े से कई वार, अवैध संबंध को लेकर करता था शक
निंदूरा/ बाराबंकी, अमृत विचार। घुंघटेर थाना क्षेत्र के बुद्धू पुरवा स्थित भठ्ठे पर मजदूरी करने वाले श्रमिक ने अवैध संबंधों की शंका पर देर रात पत्नी की फावड़े से कई वार कर नृशंस हत्या कर दी। घटना के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया। सूचना पर एसपी दिनेश कुमार, सीओ , थानाध्यक्ष व फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने आरोपित पति को हिरासत में लिया है।
सीतापुर जनपद के कोतवाली महमूदाबाद अंतर्गत सलारपुर निवासी मोतीलाल चौहान घुंघटेर के बुद्धू पुरवा स्थित मीना ब्रिक फील्ड पर अपनी पत्नी रजनी चौहान 25 वर्ष के साथ ईंट पाथने का काम करता था। रविवार देर रात पति-पत्नी में किसी बात को लेकर विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि पति मोतीलाल ने पास रखे फावड़े से पत्नी के सिर पर काई वार कर दिए। महिला लहुलुहान होकर मौके पर गिर गई। महिला की चीख-पुकार सुनकर पास के लोग मौके पर पहुंचे। जहां पर महिला को लहुलुहान देख मामले की सूचना पुलिस को दी।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल महिला को जिला अस्पताल भर्ती कराया जहां पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। उधर घटना की जानकारी होते ही एसपी, सीओ व फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंच गई। एसपी दिनेश कुमार ने बताया कि आरोपित को हिरासत में लिया गया है। मृतका के मायके पक्ष को घटना की सूचना दे दी गई है।
ये भी पढ़ें -गुजरात में बेमौसम बारिश के बाद बिजली गिरने से 20 लोगों की मौत, अमित शाह ने जताया शोक
