बागेश्वर: एसीएमओ ने किया जन औषधि केंद्र का निरीक्षण, दवाइयों का दिखा अभाव

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बागेश्वर, अमृत विचार। विभिन्न संगठनों की शिकायत के बाद अपर मुख्य चिकित्साधिकारी देवेश कुमार ने जिला चिकित्सालय का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने पाया कि केंद्र में दवाइयां नहीं के बराबर हैं जिससे मरीजों को लाभ नहीं मिल पा रहा है। सर्वाधिक बिकने वाला सेनेटरी पैड तक केंद्र में नहीं है।

उन्होंने इसे केंद्र संचालक की लापरवाही मानते हुए जिलाधिकारी को रिपोर्ट भेजने की बात कही है। जनपद के जिला चिकित्सालय समेत विभिन्न स्वास्थ्य केंद्रों में जन औषधि केंद्रों में दवाइयां न मिलने की शिकायत के बाद अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. देवेश कुमार ने जिला चिकित्सालय का निरीक्षण किया।

उन्होंने पाया कि केंद्र में 206 दवाइयां होने की बाध्यता है परंतु यहां पर आवश्यकतानुसार कोई दवाइयां नहीं है। यहां तक कि सर्वाधिक मांग वाली ब्लड प्रेशर, शुगर व सामान्य बुखार समेत सेनेटरी पैड तक नहीं हैं। केंद्र में तैनात फार्मेसिस्ट भी नई थी तथा वह संतोषजनक उत्तर नहीं दे पाई। उन्होंने इसे लापरवाही बताते हुए कहा कि इसकी रिपोर्ट नोडल अधिकारी व जिलाधिकारी को सौंपी जाएगी इसके बाद ही उनके स्तर से ही इस पर निर्णय लिया जाएगा।

उन्होंने बताया कि उनके द्वारा पूर्व में कांडा, बैजनाथ व कौसानी केंद्र का निरीक्षण किया जिसमें कौसानी का केंद्र कई दिनों से बंद है बताया जा रहा है कि वहां तैनात फार्मेसिस्ट ने कार्य छोड़ दिया गया है। अपर मुख्य चिकित्साधिकारी ने चिकित्सालय में तैनात चिकित्सकों से भी केंद्र की दवाइयां लिखने को कहा जिस पर चिकित्सकों ने कहा कि वे दवाइयां लिखते हैं परंतु केंद्र में दवा न मिलने से मरीज चिकित्सकों से ही नाराज होते हैं। इस दौरान मुख्य चिकित्साधीक्षक डॉ. विनोद टम्टा उपस्थित थे।

संबंधित समाचार