राहुल द्रविड़ बने रहेंगे टीम इंडिया के हेड कोच, BCCI ने सपोर्ट स्टाफ का कॉन्ट्रैक्ट भी बढ़ाया
नई दिल्ली। बीसीसीआई ने अगली सीरीज के लिए टीम इंडिया के हेड कोच का ऐलान कर दिया है। राहुल द्रविड़ का कार्यकाल समाप्त हो गया था, जिसे एक बार फिर से बढ़ा दिया गया है। बीसीसीआई ने उनके अलावा टीम इंडिया के दूसरे सपोर्ट स्टाफ का भी कॉन्ट्रैक्ट बढ़ा दिया है। बता दें वर्ल्ड कप फाइनल के बाद राहुल द्रविड़ का कॉन्ट्रैक्ट खत्म हो गया था। अटकलें थी कि राहुल द्रविड़ की जगह वीवीएस लक्ष्मण को कोच बनाया जा सकता है। लेकिन ऐसा नहीं हुआ। राहुल द्रविड़ अब टीम इंडिया के साथ साउथ अफ्रीका दौरे पर जाएंगे।
NEWS 🚨 -BCCI announces extension of contracts for Head Coach and Support Staff, Team India (Senior Men)
— BCCI (@BCCI) November 29, 2023
More details here - https://t.co/rtLoyCIEmi #TeamIndia
राहुल द्रविड़ ने हेड कोच की जिम्मेदारी दोबारा मिलने पर खुशी जताई है। द्रविड़ ने कहा कि वो बीसीसीआई के शुक्रगुजार हैं कि उनपर दोबारा भरोसा जताया गया है। राहुल द्रविड़ ने साथ ही अपने परिवार को भी शुक्रिया कहा, जिन्होंने उनके लिए काफी बलिदान दिए हैं। राहुल द्रविड़ ने कहा कि वर्ल्ड कप के बाद उनके सामने नई चुनौतियां हैं और वो उनका सामना करने के लिए तैयार हैं।
बीसीसीआई सचिव जय शाह ने कहा कि आईसीसी ट्रॉफी जीतने की कवायद में द्रविड़ को बोर्ड का पूरा समर्थन रहेगा। भारतीय टीम पिछले एक दशक से कोई आईसीसी खिताब नहीं जीत सकी है। शाह ने कहा, ‘फाइनल से पहले लगातार दस मैच जीतने वाली भारतीय टीम का विश्व कप अभियान असाधारण रहा । इसके लिये सही प्लेटफॉर्म तैयारी करने वाले मुख्य कोच (द्रविड़) सराहना के पात्र हैं ।’ इसमें कहा गया ,‘‘ मुख्य कोच को बीसीसीआई का पूरा समर्थन रहेगा और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कामयाबी पाने के लिये उन्हें जो भी सहयोग चाहिये होगा, हम देंगे ।’’द्रविड़ ने कहा , भारतीय टीम के साथ पिछले दो साल यादगार रहे। हमने कई उतार चढाव देखे और इस पूरे सफर में टीम के भीतर आपसी सहयोग और तालमेल जबर्दस्त रहा ।
द्रविड़ ने टी20 विश्व कप 2021 के बाद रवि शास्त्री की जगह ली थी। उनका दो साल का कार्यकाल विश्व कप के बाद खत्म हो गया। द्रविड़ के कोच रहते भारत पिछली विश्व टेस्ट चैम्पियनशिप में उपविजेता रहा था। द्रविड़ के साथ उनके सहयोगी स्टाफ में शामिल बल्लेबाजी कोच विक्रम राठौड़, गेंदबाजी कोच पारस म्हाम्ब्रे और क्षेत्ररक्षण कोच टी दिलीप के अनुबंध में भी विस्तार किया गया है।
समझा जाता है कि वह कम से कम अगले साल जून जुलाई में अमेरिका और वेस्टइंडीज में होने वाले टी20 विश्व कप तक पद पर रहेंगे । द्रविड़ के ब्रेक लेने पर अंतरिम कोच का काम करने वाले एनसीए प्रमुख वीवीएस लक्ष्मण ने संभवत: बोर्ड को सूचित किया है कि वह भारत ए टीम, भारत अंडर 19 टीम और बेंगलुरू में एनसीए के नये ढांचे से जुड़े क्रिकेट मसलों पर काम करके खुश हैं । बोर्ड ने कहा, ‘‘ बोर्ड एनसीए प्रमुख और कार्यवाहक मुख्य कोच के तौर पर वीवीएस लक्ष्मण के काम की भी सराहना करता है ।मैदान पर अपनी यादगार साझेदारियों की तरह द्रविड़ और लक्ष्मण भारतीय क्रिकेट को आगे ले जाने के लिये मिलकर काम कर रहे हैं ।’’
बीसीसीआई अध्यक्ष रोजर बिन्नी ने कहा ,‘‘ भारतीय टीम का प्रदर्शन उनके शानदार मार्गदर्शन की बानगी देता है। मुझे खुशी है कि उन्होंने मुख्य कोच बने रहना स्वीकार कर लिया । इससे बीसीसीआई और उनके बीच आपसी सम्मान का पता चलता है। द्रविड़ ने कहा ,‘‘ इस पद के लिये काफी लंबा समय घर से दूर रहना पड़ता है । मैं अपने परिवार के बलिदान और सहयोग की सराहना करता हूं । पर्दे के पीछे काम करने वालों की भूमिका अहम होती है । विश्व कप के बाद नयी चुनौतियों का सामना करते हुए हम उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिये प्रतिबद्ध हैं ।’’ यह जिक्र करना भी जरूरी है कि गुजरात टाइटंस के कोच आशीष नेहरा कभी भी राष्ट्रीय टीम का मुख्य कोच नहीं बनना चाहते थे । उन्होंने हमेशा से कहा है कि वह गुजरात टाइटंस के साथ 2025 तक का अपना करार पूरा करेंगे।
ये भी पढ़ें : अफ्रीका सीरीज से पहले विराट कोहली के ब्रेक का बड़ा मैसेज...क्या लेने वाले हैं वनडे-टी20 फॉर्मेट से संन्यास?
