मुरादाबाद: चार फर्जी समितियां चलाने वाले तीन पदाधिकारियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

अमृत विचार, मुरादाबाद। किसान सेवा समितियों में फर्जीवाड़ा पकड़े जाने के बाद जनपद के अलग-अलग थानों में तीन लोगों के खिलाफ फर्जी समिति चलाने पर रिपोर्ट दर्ज की गई है। यह कार्रवाई जिलाधिकारी के आदेश पर जिला कृषि अधिकारी द्वारा कराई गई है। जिला कृषि अधिकारी का कहना है कि फर्जी समिति चलाने वाले लोगों …

अमृत विचार, मुरादाबाद। किसान सेवा समितियों में फर्जीवाड़ा पकड़े जाने के बाद जनपद के अलग-अलग थानों में तीन लोगों के खिलाफ फर्जी समिति चलाने पर रिपोर्ट दर्ज की गई है। यह कार्रवाई जिलाधिकारी के आदेश पर जिला कृषि अधिकारी द्वारा कराई गई है। जिला कृषि अधिकारी का कहना है कि फर्जी समिति चलाने वाले लोगों को किसी हाल में बक्शा नहीं जाएगा।

बता दें कि प्रदेश के कई जिलों में उर्वरक वितरण में घोटाला पकड़े जाने के बाद मुरादाबाद में भी सख्ती दिखाते हुए जांच शुरू कराई गई थी। जिसमें कई उर्वरक बिक्री केंद्रों के अलावा किसान सेवा समितियों में अनियमितताएं मिलीं थी। इसके बाद जिलाधिकारी राकेश कुमार सिंह ने समितियों की रिपोर्ट तलब की। मामले में जिलाधिकारी को 16 समितियों की रिपोर्ट दी गईं थी। जांच के बाद चार ऐसी समितियां पकड़ में आईं, जिनमें गड़बड़ी मिली। इन समितियों के तीन लोगों ने पदाधिकारी बनकर आवेदन किया था।

जांच में पता चला कि तीनों ने कृषि विभाग को धोखे में रखकर फर्जी तारीके से लाइसेंस प्राप्त कर लिया था। इसके बाद जिलाधिकारी राकेश कुमार सिंह ने इन सभी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने के आदेश जिला कृषि अधिकारी ऋतुषा तिवारी को दिए। मंगलवार को जिला कृषि अधिकारी ने फर्जी तारीके से चार समिति चलाने वाले तीन लोगों के खिलाफ अलग-अलग थानों में रिपोर्ट दर्ज कराई है।

इन लोगों पर दर्ज हुआ मुकदमा
जिला कृषि अधिकारी ने बताया कि करनपुर व मोहनपुर समिति के शाहदाब, कांकड़खेड़ा समिति के इंतेखाब व बिलाखदान समिति के शमशाद के खिलाफ ठाकुरद्वारा, डिलारी, कुंदरकी व मूंढापांडे थाने में धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज कराया गया है।

16 केंद्रों के लाइसेंस हुए निरस्त
तीन लोगों द्वारा फर्जी तारीके से जो चार समितियां चलाई जा रही थी। उन समितियों में लगभग 16 केंद्र आ रहे थे। जिला कृषि अधिकारी ऋतुषा तिवारी ने बताया कि इन चारों फर्जी समितियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने के साथ-साथ समितियों को निरस्त कर दिया गया है। जिसके बाद इन समितियों के 16 केंद्रों के लाइसेंस भी निरस्त कर दिए गए है। जिसमें करनपुर समिति के तीन केंद्र, मोहनपुर समिति के दो केंद्र, बिलाखुदान समिति के पांच केंद्र व कांकड़खेड़ा के 6 केंद्रों के लाइसेंस निरस्त कराने की कार्रवाई भी की गई है।

दो निष्क्रिय समिति के लाइसेंस भी हुए निरस्त
चार फर्जी समितियों के अलावा जनपद में दो और निष्क्रिय समिति भी सामने आई थी। जिसमें शाहपुर तिगरी समिति और बबराला मझरा समिति के पदाधिकारी पूरी से ठीक निकले थे लेकिन इन दोनों समितियों के पदाधिरियों द्वारा व्यवसाय नहीं किया जा रहा था। इसलिए इन दोनों समितियों के लाइसेंस भी निरस्त कर दिए गए है।

ऋतुषा तिवारी, जिला कृषि अधिकारी ने बताया कि तीन लोग कृषि विभाग को धोखा देकर चार समितियां चला रहे थे। जिलाधिकारी द्वारा इनके खिलाफ संबंधित थानों में मुकदमा दर्ज कराने को कहा गया था। इसके बाद तीनों आरोपियों के खिलाफ अलग-अलग थानों में मुकदमा दर्ज करा दिया गया है। समितियों में फर्जीवाड़ा करने वालों को बक्शा नहीं जाएगा।

 

 

 

 

 

संबंधित समाचार