लखनऊ : महिला समेत तीन युवतियों से बाइक सवार बदमाशों ने की लूट, सीसीटीवी फुटेज से सुराग लगा रही पुलिस

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

लखनऊ, अमृत विचार। अलीगंज थानाक्षेत्र अन्तर्गत पुरनिया फ्लाईओवर पर बेटी के संग स्कूटी से घर जा रही महिला का बाइक सवार लुटेरों ने पर्स छीन लिया। छीना-झपटी में उसका संतुलन बिगड़ गया, वह लेकर स्कूटी लेकर सड़क पर गिर पड़ी। जिसमें मां-बेटी जख्मी हो गई। उन्हें निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं, महानगर कोतवाली में आफिस स्टाफ के संग स्कूटी से जा रही असिस्टेंट मैनेजर का पीछे से आए बाइक सवार लुटेरे ने झपट्टा मार पर्स छीन लिया। हालांकि, कुछ ही दूरी पर असिस्टेंट मैनेजर ने लुटेरे को दौड़ा कर दबोच लिया। जिसके बाद उसे पुलिस के हवाले कर दिया। उधर, सरोजनीनगर के शांतिनगर रहीमाबाद रोड पर बाइक सवार लुटेरे छात्रा के हाथ से मोबाइल छीनकर भाग निकले। अब लुटेरों की तलाश में पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है।

मड़ियांव प्रभारी निरीक्षक शिवानंद मिश्र के मुताबिक, फैजुल्लागंज निवासी रीमा श्रीवास्तव ने बाइक सवार लुटेरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। लिखित शिकायत में पीड़िता ने बताया कि मंगलवार शाम करीब पांच बजे वह बेटी के संग स्कूटी से पुरनिया बाजार से खरीदारी कर घर लौट रहीं थी। इसी बीच पुरनिया फ्लाईओवर पर पीछे से आए बाइक सवार बदमाशों ने उनका पर्स छीनने लिया। छीना-झपटी में स्कूटी अनियंत्रित हो गई। सड़क पर गिरने से मां-बेटी जख्मी हो गई। इसी बीच बदमाश वारदात को अन्जाम देकर भाग निकले। रीमा श्रीवास्तव ने बताया कि उनकी पर्स में 5 हजार की नकदी, मोबाइल फोन,एटीएम कार्ड बैंक पासबुक समेत जरूरी कागजात रखे थे। 

प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि लुटेरों की तलाश में पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने में जुटी है। वहीं, सैरपुर थानाक्षेत्र के कमलाबाद बढ़ौली निवासी सरिता सिंह बादशाहनगर में एक निजी कंपनी में बतौर असिस्टेंट मैनेजर के पद पर कार्यरत है। मंगलवार वह कर्मचारी बलराम के संग स्कूटी से दफ्तर की तरह जा रही थी। बादशाहनगर पेट्रोल पंप के समीप पीछे से आए बाइक सवार लुटेरे ने उनका पर्स छीन लिया। इसके बाद लुटेरा मौके से भाग निकाला। इस पर पीड़िता ने लुटेरे का पीछा कर उसे दबोच लिया। फिर उसे पुलिस के हवाले कर दिया। 

प्रभारी निरीक्षक प्रशांत मिश्र ने बताया कि पुलिस की गिरफ्त में आए लुटेरे की पहचान अलीगंज के त्रिवेणीनगर निवासी  कृष्णा अवस्थी के रूप में हुई है। उस पर कुल 18 अपराधिक मुकदमें दर्ज हैं। उधर, सरोजीनगर के अमौसी निवासी कलश बाजपेई बीकॉम की छात्रा है। सोमवार को वह कोचिंग से घर लौट रही थी। शांतिनगर रहीमाबाद रोड पर पीछे से आए दो बाइक सवार लुटेरे उसके हाथ से मोबाइल छीनकर भाग निकले। प्रभारी निरीक्षक शैलेंद्र गिरी के मुताबिक, मुकदमा दर्ज कर बदमाशों की तलाश की जा रही हैं।

ये भी पढ़ें -कानपुर सीट से कांग्रेस का प्रत्याशी लड़ना तय : अजय राय

संबंधित समाचार