बरेली: दोस्त के यहां से आ रहे युवक को मारी गोली
बरेली, अमृत विचार। दोस्त के यहां से वापस आ रहे युवक को बाइक सवारों ने गोली मार दी। पुलिस और परिजनों ने घायल को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। सीओ प्रथम श्वेता कुमारी यादव पुलिस बल के साथ जिला अस्पताल पहुंची और घायल के बयान लिए।
सुभाषनगर के इटौआ रोड ग्रीन बैली निवासी आशीष शर्मा ने बताया कि वह एल्युमिनियम के दरवाजे बनाते हैं। बुधवार को वह अखा निवासी अपने दोस्त के पास दवा लेने के लिए गए थे। रात 8 बजे वापस आते वक्त करगैना से आगे आजाद पेट्रोल पंप के पास बाइक सवार दो लोग दाहिनी ओर से आए और फायरिंग कर दी।
उनके दाहिनी जांघ में छर्रे लगे। किसी तरह उन्होंने अपनी जान बचाई और परिजनों और पुलिस को सूचना दी। आशीष ने बताया कि सुभाषनगर निवासी युवक और उसके साथी ने गोली मारी है।
रंजिश की वजह बना प्रेम विवाह
आशीष ने बताया कि वर्ष 2011 में उन्होंने बिहारीपुर खत्रियान निवासिनी दिव्या शर्मा के साथ प्रेम विवाह किया था। उनके दो बच्चे हैं। उनके ससुराल के लोग अमीर हैं और शादी से रंजिश मानते हैं। चार दिन पहले उनके साले लव ने फेसबुक के जरिए से उन्हें धमकी दी थी। वहीं उनकी पत्नी भी अब मायके पक्ष से मिल गई है।
आशीष का आरोप है कि मायके पक्ष के लोग उनकी पत्नी की शादी अमित ठाकुर से करना चाह रहे हैं। उनकी पत्नी भी अब तलाक का दबाव बना रही है। इन्कार करने पर जान से मारने की धमकी दी। आशीष का आरोप है कि घटना में उनकी पत्नी, ससुराल पक्ष, अमित और उसके एक दोस्त की साजिश है।
अगस्त मे भी हुआ था हमला
आशीष ने बताया कि 4 अगस्त को भी उनपर हमला हुआ था, जिसमें उनके सिर में 7-8 टांके भी आए थे, लेकिन सुभाषनगर पुलिस ने मामूली धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की। इसके बाद जब आरोपी धमकी देने लगे तो उन्होंने पुलिस अधिकारियों से शिकायत की, लेकिन पुलिस ने ध्यान नहीं दिया। चार दिन पहले भी शिकायती पत्र लेकर थाने गए थे, लेकिन पुलिस ने भगा दिया था।
आशीष ने ससुराल पक्ष के लोगों और अमित पर आरोप लगाए हैं। शिकायती पत्र मिलने पर आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।
श्वेता यादव, सीओ प्रथम
ये भी पढ़ें: बरेली: डीडीपुरम और डेलापीर इलाके में फुटपाथों पर चाट और चाय बाजार
