सुलतानपुर: पुत्र की हत्या में पिता समेत चार पर दर्ज होगा मुकदमा, सीजेएम ने दिया आदेश

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

सुलतानपुर। थाना क्षेत्र कोतवाली देहात के सोनबरसा निवासी दिनेश प्रताप सिंह, मीरा सिंह, सौरभ व नेहा के खिलाफ थाना क्षेत्र धनपतगंज निवासी बहू की याचिका पर उसके पति प्रवीण सिंह की आठ माह पूर्व संदेहास्पद मौत के मामले में सीजेएम ने मुकदमा दर्ज करने का आदेश दिया है। 

मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट सपना त्रिपाठी की कोर्ट में दाखिल याचिका में थानाक्षेत्र धनपतगंज निवासी महिला ने आरोप लगाया कि उसका विवाह बीते साल 23 अप्रैल को कोतवाली देहात सोनबरसा निवासी दिनेश प्रताप के पुत्र प्रवीण सिंह के साथ हुआ था। 

आरोप है कि ससुराल पक्ष के ससुर दिनेश, सास मीरा, देवर सौरभ व ननद नेहा उसे कम दान दहेज को लेकर उत्पीड़न करते थे, जिसका विरोध उसका पति प्रवीण करता था। इसी रंजिश के तहत होली के अवसर पर मायके में नौ मार्च को उसे पता चला कि उसके पति की मौत हो गई है। 

मौत का कारण पूछने पर ससुराल वालों ने कुछ बताया नहीं। ससुराल जाने पर देखने पर पता चला कि उसके पति का पूरा शरीर नीला पड़ गया है। आरोप है कि पुलिस को सूचना देने की बात कहने पर ससुराल पक्ष ने उसे मना किया। किसी तरह पीड़िता ने पुलिस को सूचना दी। 

तब जाकर कहीं उसके पति का पोस्टमार्टम हुआ। आरोप है कि घटना के चार दिन पहले देवर ने फोन से जान से मारने की धमकी दी थी। पीड़िता ने याचिका में आशंका जताई है कि उसके पति की हत्या परिजनों ने साजिशन की है। 

मामले की तहरीर के बावजूद पुलिस ने मुकदमा दर्ज नहीं किया। तब पीड़िता ने एसपी से कारवाई की मांग की, पर कहीं सुनवाई न होने पर पीड़िता ने अधिवक्ता रजनीश श्रीवास्तव के जरिए न्यायालय की शरण ली। 

मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट ने कोतवाली देहात थानाध्यक्ष को मामले में मुकदमा दर्ज कर उसकी रिपोर्ट कोर्ट में पेश करने का आदेश दिया है। मुकदमा दर्ज करने के आदेश से आरोपियों की मुश्किलें बढ़ गई हैं।

यह भी पढ़ें: मिर्जापुर: भूख से तड़पता बच्चा पहुंचा चौकी, दहाड़े मारकर रोते हुए बोला- तीन दिन से कुछ नहीं खाया...

संबंधित समाचार