बरेली: आज से नहीं चलेंगे स्कूली वाहन, बच्चों को पहुंचने में होगी दिक्कत
बरेली, अमृत विचार। बच्चों को शुक्रवार से स्कूल जाने में दिक्कत हो सकती है। स्कूली वाहनों के खिलाफ कार्रवाई से नाराज इंडिपेंडेंट स्कूल ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन ने एक दिसंबर से हड़ताल करने का एलान किया है। एसोसिएशन के पदाधिकारियों का कहना है कि जब तक उनकी मांगें नहीं मानी जाएंगी, तब तक वाहन नहीं चलाए जाएंगे।
एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष निशांत पवार ने कहा कि वाहनों के संचालन के संबंध में पिछले दिनों मंडलायुक्त, जिलाधिकारी और डीआईओएस को ज्ञापन दिया था लेकिन अब तक कोई सकारात्मक कदम नहीं उठाया गया। उनका कहना है कि वाहन संचालकों का उत्पीड़न किया जा रहा है। परेशान होकर अनिश्चितकालीन हड़ताल का निर्णय लिया है।
एसोसिएशन की ये हैं मांगें
एसोसिएशन का कहना है कि केवल स्कूल परमिट और स्कूल से अनुबंधित वाहनों को ही स्कूल वाहन के रूप में अनुमति दी गई है, जबकि शहर में महज पांच फीसदी ही ऐसे वाहन हैं और 70 फीसदी वाहन ऑल इंडिया, ऑल यूपी, ठेका परमिट पर ही संचालित हैं। इन वाहनों को चलाने में जो भी खर्चा होता है वह वाहन मालिक स्कूल के बाद इन वाहनों को अतिरिक्त कार्यों में इस्तेमाल करता है जिससे उसकी रोजी-रोटी व वाहन की ईएमआई का खर्चा निकल पाता है।
यदि वाहन स्वामी केवल स्कूल परमिट पर वाहन को चलाता है तो उसके अपने वाहन का इस्तेमाल किसी और कार्य में प्रतिबंधित हो जाएगा। ऐसे में न चाहते हुए भी वाहन का प्रति विद्यार्थी जो किराया निर्धारित है और उसमें दोगुने की बढ़ोत्तरी हो जाएगी। ऐसे खर्च को अगर अभिभावकों के ऊपर डाला जाता है और अभिभावक इसकी स्वीकृति देते हैं तो स्कूल परमिट कराने में कोई आपत्ति नहीं है।
इसके अलावा प्रशासन हमारी मदद करते हुए जो व्यक्ति इन वाहनों को चला रहे हैं उनको दृष्टिगत रखते हुए अभिभावकों से बढ़ा किराया लेना सुनिश्चित करें।
ये भी पढ़ें - बरेली: बंद मकान में आ रहा हजारों का बिल, उपभोक्ता सही कराने के लिए लगा रहे चक्कर
