बदायूं: गर्म रोटी न मिलने पर बारातियों ने हलवाई पर फेंका खौलता हुआ तेल
बदायूं, अमृत विचार। शादी समारोह में गर्म रोटी न मिलने पर दूल्हे के चाचा और उनकी तीन दोस्त गुस्सा गए। हलवाई से गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी। विरोध करने पर खौलता हुआ तेल हलवाई पर डाल दिया। हलवाई गंभीर रूप से झुलस गया। उन्हें अस्पताल में भर्ती किया गया है। जहां उनकी हालत गंभीर बनी हुई है। दूसरे हलवाई की तहरीर पर दूल्हे के चाचा और तीन अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है।
थाना मूसाझाग क्षेत्र के गांव खासगांव निवासी बिजली विभाग में पन्नालाल की बेटी की गुरुवार को शादी थी। जिला कासगंज के थाना सोरों क्षेत्र के गांव लहरा से बारात आई थी। बारात चढ़त होने के बाद बाराती खाना खाने लगे।
दूल्हे के चाचा इंद्रपाल उर्फ लकी और तीन अन्य बाराती एक साथ खड़े होकर खाना खा रहे थे। उन्होंने तंदूर की गर्म रोटी मांगी लेकिन तब तक तंदूर बुझ चुका था लेकिन वह चारों मानने को तैयार नहीं थे। उन्होंने हलवाई को बुलाने को कहा।
हलवाई गांव गिधौल निवासी राजेश बारातियों की विदाई को लेकर नाश्ता बनाने की तैयारी कर रहे थे। वह मौके पर पहुंचे और बारातियों को समझाने की कोशिश की। कहा कि वह नाश्ते की तैयारी कर रहे हैं। कुछ समय रुक जाएं तो गर्म रोटी निकाल देंगे।
इतने में बाराती भड़क गए। हलवाई के साथ गाली-गलौज करने लगे। आरोप है कि विरोध करने पर दूल्हे के चाचा और उनकी साथियों ने हलवाई राजेश पर खौलते हुए रिफाइंड तेल की कढ़ाई उनके ऊपर फेंक दी। राजेश गंभीर रूप से झुलस गए। आसपास मौजूद हलवाई और वेटर्स पर तेल की छींट आईं।
मौके पर हड़कंप मच गया। आरोपी मौके से भाग गए। राजेश को निजी अस्पताल में भर्ती कराया। दूसरे हलवाई तरुण की तहरीर पर दूल्हे के चाचा और तीन अज्ञात के खिलाफ गाली-गलौज व मारपीट करने, जीवन को खतरे में डालने जैसा काम करने के आरोप में रिपोर्ट दर्ज की गई है। थानाध्यक्ष महेंद्र पाल सिंह ने बताया कि झुलसे हुए व्यक्ति का इलाज चल रहा है। उनके साथी की तहरीर पर चार लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करके आगे की जांच की जा रही है।
ये भी पढ़ें - बदायूं: नलकूप की कुंडी के पानी में डूबकर तीन साल के मासूम की मौत, परिवार में मचा कोहराम
