बरेली: गैस की सप्लाई अचानक से बंद...कई कॉलोनियों में मचा हाहाकार, नाश्ते को भी तरसे लोग
बरेली, अमृत विचार। शहर में पीलीभीत बाईपास स्थित कई कॉलोनियों में शुक्रवार सुबह अचानक पीएनजी की सप्लाई बंद होने से हाहाकार मच गया। इस दौरान सीयूजीएल के तमाम उपभोक्ता कई घंटे सप्लाई बहाल होने का इंतजार करते रहे। लेकिन ऐसा नहीं हुआ।
जिसके बाद सीयूजीएल गैस की सप्लाई नहीं मिलने से प्रभावित कई कॉलोनियों के बच्चों को बिना ब्रेक फॉस्ट किए और लंच के ही स्कूलों के लिए जाना पड़ा। वहीं कर्मचारी और अधिकारी को भी बिना ब्रेक फॉस्ट किए और लंच के ऑफिस जाना पड़ा। वहीं इधर, गैस लीकेज की सूचना के बाद सक्रिय हुई सीयूजीएल की टीम ने कई घंटों की मशक्कत के बाद फॉल्ट को ठीक करके गैस की सप्लाई को बहाल किया।
आपको बताते चलें कि गैस की सप्लाई बाधित होने के बाद तमाम उपभोक्ता कॉल करके एक-दूसरे से गैस सप्लाई के बारे में पूछताछ करने लगे। जिसमें उन्हें पता चला कि कई कॉलोनियों में गैस की सप्लाई नहीं आ रही है। इसके बाद लोगों ने सीयूजीएल के ऑफिस में कॉल किया। लेकिन किसी अधिकारी ने फोन नहीं उठाया।
बाद में पता लगा कि रेगुलेटर ट्रिप होने से महानगर, कुबेर हाउस, सुरेश शर्मा नगर, मुंशीनगर, संजयनगर समेत अन्य कॉलोनियों में गैस नहीं आ रही है। जिसके चलते सुबह ऑफिस जाने वाले लोग बिना लंच बॉक्स के ही निकल गए। इस दौरान जैसे-तैसे कई परिवारों में बच्चों के लिए नाश्ता तैयार हो पाया। वहीं सीयूजीएल की टीम ने फॉल्ट को ठीक करके दोपहर 12 बजे बाद सप्लाई शुरू की। जिससे लोगों ने राहत की सांस ली।
स्कूल जाने वाले बच्चों का भी टिफिन नहीं लग सका
गैस सप्लाई बंद होने से लोगों को काफी दिक्कत हुई और बच्चे बिना लंच बॉक्स के स्कूल चले गए। बताया जा रहा है सुरेश शर्मा नगर में गैस लाइन लीकेज होने से कंपनी को सप्लाई बंद करनी पड़ी थी। जिसके चलते लोगों को समस्या का सामना करना पड़ा। लेकिन दोपहर तक लीकेज ठीक कराने के बाद सप्लाई शुरू की गई।
सुबह करीब साढ़े 7 बजे से गैस की सप्लाई बंद हो गई थी। गुरुवार को व्रत रहने की वजह से आज सुबह काफी कमजोरी लग रही थी, सोचा सुबह चाय बनाएंगे तो थोड़ा अच्छा महसूस होगा। लेकिन जैसे ही गैस का चू्ल्हा जलाया तो पता चला गैस की सप्लाई बंद है। जिसके कारण सुबह की चाय 12 बजे तक नसीब नहीं हो सकी। -नीलम मल्होत्रा, स्थानीय निवासी
गैस की सप्लाई बंद होने से घर में खाना नहीं बन पाया, जिसके चलते बच्चों को सुबह भूखे ही स्कूल जाना पड़ा। गैस की सप्लाई 12 बजे तक न आने से पूरा परिवार परेशान रहा। - प्रेमवती, गृहणी
गैस की सप्लाई सुबह बंद होने के बाद दोपहर 12 बजे आई है। इन साढ़े चार घण्टों में बहुत परेशानी आई। ऐसे में कहीं आस-पास सिलेंडर भी नहीं मिल पाता है, जिससे हम चाय नाश्ता बना सकें। इसलिए आस-पड़ोस में भी पूरा हाहाकार मचा हुआ था। क्योंकि यहां के सारे बच्चे बिना चाय नाश्ता के स्कूल गए।
गेस सप्लाई बंद करने से पहले हमें किसी प्रकार की सूचना नहीं दी जाती है, जिससे की हम पहले से कोई इंतजाम कर सकें। साथ ही दिए गए नम्बर पर जब भी कॉल किया जाता है तो कभी भी कॉल नहीं उठाते हैं। जिसके कारण हमें काफी परेशानी होती है। -सजीव मल्होत्रा, स्थानीय निवासी
हमें शुगर है। हमारा बिना चाय नाश्ते के काम नहीं चलता है, जिसकी वजह से हमें काफी परेशानी हुई। ऐसा पहली बार नहीं हुआ है, यह अक्सर होता रहता है। इसलिए हमने कई बार दिए गए नम्बर पर भी सूचना देने की कोशिश की, मगर उनका एक नम्बर बंद आता है और दूसरा कभी उठता नहीं है। इससे काफी परेशानी होती है और यह काफी लहपरवाही है कि बार-बार सप्लाई को बंद किया जाता है। -आर. के. सिंह, स्थानीय निवासी
यहां सुबह से गैस की सप्लाई बंद है, यह काफी गलत बात है कि हमें इसकी जानकारी नहीं दी जाती है और ना ही कॉल करने पर जवाब ही दिया जाता है। जिसके कारण हमेशा हमें ही परेशानी होती है। -पीयूष चौधरी, स्थानीय निवासी
रेगुलेटर ट्रिप होने से गैस की सप्लाई में दिक्कत हो गई थी। जिसे ठीक कराया गया। इस दौरान कई जगह गैस की सप्लाई बंद रही। दोपहर बाद फॉल्ट को ठीक कराकर सप्लाई को शुरु कराया गया। -जितेंद्र गौतम, एरिया मैनेजर, सीयूजीएल
ये भी पढ़ें- बरेली: डेढ़ गुना बढ़े एचआईवी पीड़ित, पुरुषों की संख्या अधिक
