अखिलेश ने भाजपा पर लगाया लोगों की जान से खिलवाड़ करने का आरोप, कहा-कफ सिरप के नाम पर जहर बेचा जा रहा
लखनऊ, अमृत विचार : सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने कहा है कि भाजपा सरकार में जनता की जान के साथ खिलवाड़ हो रहा है। कफ सिरप के नाम पर नकली दवाएं और जहर बेचा जा रहा है। ये जहर भरी जो दवाई है, इसके पीछे भाजपाई है।
सपा प्रमुख ने बुधवार को जारी बयान में कहा कि भाजपा सरकार में तमाम तरह का अवैध और नशे का कारोबार हो रहा है। अवैध कारोबारियों को सत्ता का संरक्षण मिला हुआ है। प्रदेश में भ्रष्टाचार और अवैध कारोबार का साम्राज्य भाजपा सरकार में खड़ा हुआ है। भाजपाई एक तरफ भ्रष्टाचार करके सरकारी बजट लूट रहे हैं। वहीं दूसरी तरफ प्रदेश में नकली सामान और दवाएं बनाकर जनता को लूटा जा रहा है।
अखिलेश यादव ने कहा कि भ्रष्टाचार और कानून व्यवस्था पर जीरो टॉलरेंस का दावा करने वाले नकली और जहरीली सिरप के अवैध कारोबार पर चुप क्यों है।भाजपा का भ्रष्ट सिस्टम प्रदेश की जनता को बीमार और बेहाल बना रहा है। उन्होंने कहा सरकार बताए कि जनता की जान से खेलने वालों पर बुलडोजर क्यों नहीं चला।
