Kanpur Weather Today: बारिश ने बढ़ाई ठिठुरन... सिर को ढककर निकल रहे लोग, आज भी वर्षा के आसार

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

कानपुर में बारिश ने ठिठुरन बढ़ा दी।

कानपुर में बारिश ने ठिठुरन बढ़ा दी है। जिस कारण से लोग अपने सिर को ढककर लोग निकल रहे है। वहीं, आज भी बारिश के आसार है।

कानपुर, अमृत विचार। नवंबर महीने में गुरुवार को पहली बार बारिश हुई। बारिश ने ठिठुरन बढ़ा दी। तड़के से लेकर दोपहर तक दो बार बादल बरसे। इससे ठंडी हवा चली और लोगों ने स्वेटर चढ़ा लिए। मौसम विभाग ने 2.8 मिमी बारिश दर्ज की है। मौसम विभाग ने शुक्रवार को भी बारिश होने की संभावना जताई है। 

सीएसए के मौसम विभाग ने पहले ही बारिश का पूर्वानुमान जारी कर दिया था जो सही रहा। गुरुवार तड़के तीन बजे से बारिश शुरू हो गई। सुबह उठे लोगों को सर्दी बढ़ने का अहसास हुआ। 2.6 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चली हवाओं ने लोगों को ठंड का अहसास कराया।

इसके बाद सुबह नौ बजे के आस-पास फिर हुई बारिश से लोगों को परेशानी हुई। ऑफिस जाने के समय बारिश से कर्मचारी उलझन में रहे। बारिश की वजह से रोड पर फिसलन होने से वाहन सवारों ने वाहनों की रफ्तार धीमी रखी।

मौसम वैज्ञानिकों ने बारिश होने के बाद अधिकतम तापमान 22.6 दर्ज किया, जो सामान्य से लगभग एक डिग्री कम रहा। न्यूनतम तापमान 14.4 दर्ज किया गया जो सामान्य से 2.1 डिग्री सेल्सियस अधिक रहा। सीएसए के मौसम वैज्ञानिक डॉ. एसएन सुनील पाण्डेय ने बताया कि अगले सप्ताह मंगलवार तक आसमान में बादल रहने की संभावना है। शुक्रवार को भी बारिश हो सकती है। 

पैची रेन का नहीं असर

मौसम वैज्ञानिकों ने बताया कि बादलों के प्रभाव की वजह से पूरे शहर में बारिश दर्ज की गई। पैची रेन का असर नहीं दिखाई दिया। पैची रेन में शहर में कहीं बारिश होती है, कहीं नहीं।

सहालग में बाजार हुआ ठंडा

सुबह बारिश होने से शहर के बाजारों में ग्राहकों की कमी रही। कारोबारियों ने बताया कि सहालग होने से बुधवार तक बाजारों में रौनक रही। गुरुवार को बारिश होने से खरीदारों की संख्या कम रही। इसके अलावा खुले में शामियाना लगाकर शादी करने वालों को बारिश से कीचड़ होने की दिक्कत रही।

ये भी पढ़ें- World AIDS Day 2023: एचआईवी संक्रमित मां ध्यान दें तो बच्चा सुरक्षित, मेडिकल कॉलेज में हर माह औसतन इतने रोगी मिल रहे एड्स ग्रस्त

 

संबंधित समाचार