रामनगरी में पर्यटकों की सहभागी बनेगी अयोध्या : एक सुखद यात्रा
दीक्षांत समारोह में कुलाधिपति ने विमोचन कर सराहा था लेखन और पुस्तक
अयोध्या, अमृत विचार। डाॅ राममनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो प्रतिभा गोयल द्वारा रचित पुस्तक अयोध्या: एक सुखद यात्रा रामनगरी में आने वाले पर्यटकों और श्रद्धालुओं के लिए सहभागी बनेगी। पुस्तक में समाहित पौराणिक स्थलों के साथ-साथ उन सभी का संयोजन किया गया है जिससे अयोध्या का संपूर्ण परिदृश्य एक साथ मिलता है।
दो दिन पहले दीक्षांत समारोह में कुलाधिपति एवं राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने पुस्तक का विमोचन करते हुए पुस्तक की ह्रदय से प्रशंसा की थी। पुस्तक में अयोध्या की पौराणिक महत्ता के साथ यहाँ के मंदिरों, घाटों, कुण्डों, अखाड़ों, दर्शनीय स्थलों, उद्यानों, भोजन, निवास स्थानों, यातायात की सुविधाओं के साथ अन्य महत्वपूर्ण जानकारी को समाहित किया गया है।
प्रभु राम की कृपा और पिता की प्रेरणा से साकार हुई 'सुखद यात्रा'
कुलपति प्रो प्रतिभा गोयल ने बताया कि बचपन से ही रामचरित मानस के माध्यम से मर्यादा पुरुषोत्तम का चरित्र हमारा आदर्श रहा। डॉ राममनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय में कुलपति के पद पर सेवा करने का सुअवसर प्राप्त हुआ। उन्होंने बताया कि पिता प्रेम भूषण गोयल ने प्रेरणा दी कि अयोध्या आने वाले यात्रियों की सहायता के लिए विस्तृत जानकारी को संक्षिप्त और सरल भाषा में तुम्हें लिखना चाहिए।
छह महीने तक घाट-घाट घूमी कुलपति
लगभग 6 महीनों तक रामनगरी के मंदिरों, घाटों, कुण्डों, परिक्रमाओं, उद्यानों, ऐतिहासिक स्थलों एवं स्मारकों का भ्रमण किया। जिसमें डॉ. देशराज उपाध्याय, जो इतिहास एवं पुरातत्व के ज्ञाता है। अयोध्या क्षेत्र के धार्मिक, आध्यात्मिक एवं पौराणिक परिवेश से भली-भांति परिचित हैं। उन्होंने इस पुस्तक पूर्ण करने में सहायता की।इसे कोशल पब्लिकेशंस द्वारा प्रकाशित पुस्तक ने प्रकाशित किया है।
राज्यपाल समेत विशिष्ट जनों का जताया आभार
कुलपति ने राज्यपाल आनन्दी बेन के प्रति आभार प्रकट किया है। महत्वपूर्ण सूचनाएं प्रदान करने के लिए महापौर गिरीशपति त्रिपाठी, महन्त श्रीरामदास , ब्रिगेडियर रंजीव के. सिंह, नगर आयुक्त विशाल सिंह एवं सुप्रसिद्ध लेखक डाॅ यतीन्द्र मिश्र का हार्दिक धन्यवाद दिया है।
ये भी पढ़ें -अयोध्या: विश्व एड्स दिवस पर सांसद को लगाया रेड रिबन, सौंपा आभार पत्र
