बरेली: जिला अस्पताल में बच्चा गायब, आधा घंटे बाद मिला
बरेली, अमृत विचार। जिला अस्पताल की ओपीडी में दोपहर अचानक चार साल का एक बच्चा खो गया। बच्चे की मां के रोने पर स्टाफ ने पूछा और फिर बच्चे की तलाश हुई। जिला अस्पताल चौकी में भी सूचना दी गई।
करीब आधा घंटे बाद बच्चा मिल गया तो लोगों ने राहत की सांस ली। ओपीडी में दोपहर करीब 12 बजे एक महिला अचानक रोती हुई आई। स्टाफ ने जब महिला से पूछा तो बताया कि वह फतेहगंज पश्चिमी के रहने वाली है।
वह यहां अपने आठ वर्षीय बेटी के हाथ में प्लास्टर लगवाने के लिए आई थी। उसके साथ उसका चार वर्षीय बेटा भी था। जब वह ओपीडी में प्लास्टर के लिए स्टाफ से बात रही थी, तभी बेटा कहीं गुम हो गया।
इसके बाद बच्चे की तलाश की गई। करीब आधे घंटे बाद जिला महिला अस्पताल की हेल्प डेस्क मैनेजर रश्मि सिंह अपने साथ एक बच्चे को लेकर चौकी पहुंची तो बच्चे ने इशारा कर बताया कि उसकी मां यहां थी।
इसके बाद बच्चे की मां मिल गई। बच्चे को पाकर महिला की खुशी का ठिकाना नहीं रहा। हेल्प डेस्क मैनेजर ने बताया कि बच्चा जिला महिला अस्पताल की ओपीडी में अकेले रो रहा था। पूछने पर कोई सही जानकारी नहीं दे पा रहा था। अस्पताल में प्रशिक्षण करने वाले छात्रों ने उसे जिला अस्पताल की तरफ से आते हुए देखा था जिसके बाद ही उसे जिला अस्पताल लेकर गए जहां बच्चे की मां मिल गई।
ये भी पढ़ें - बरेली: 'मानको का हवाला देकर किया जा रहा टेंपो चालकों को परेशान', विरोध प्रदर्शन कर निकाली रैली
