बरेली: हादसे रोकने के लिए ब्लैक स्पॉट पर लगेंगे नाइट विजन कैमरे
बरेली, अमृत विचार। जिले में हादसों को रोकने के लिए ब्लैक स्पॉट पर नाइट विजन कैमरे लगाए जाएंगे। इस महीने के अंत में यह काम शुरू हो जाएगा। जिले में 37 ब्लैक स्पॉट हैं। इनमें नेशनल हाईवे पर 13, स्टेट हाईवे पर 14, लोक निर्माण विभाग के तहत आने वाले प्रमुख और अन्य जिला मार्गों पर ब्लैक स्पॉट की संख्या 10 है।
पीडब्ल्यूडी के अफसरों के मुताबिक परिवहन विभाग की वर्ष 2022 और 2023 में अब तक हुए सड़क हादसों की तुलनात्मक रिपोर्ट में बताया गया कि 2022 के तुलना में इस वर्ष सड़क हादसों में 31.14 फीसदी का इजाफा हुआ है।
हादसों में मृतकों की संख्या 4.99 और घायलों की संख्या में 17.66 फीसदी का इजाफा हुआ है। हादसों के रोकथाम को लेकर कई बार उपाय किए जा चुके हैं। उसके बाद भी हादसे बंद नहीं हो रहे।
जिले में कई ऐसे ब्लैक स्पॉट हैं जहां हर साल पांच या पांच से ज्यादा बड़े हादसे हो रहे हैं। शासन को भी इसकी रिपोर्ट भेजी गई थी। जिसके बाद सभी ब्लैक स्पॉट के हाईवे के प्रमुख स्थानों पर विजन कैमरे लगवाने का निर्णय लिया गया है।
ये भी पढ़ें - बरेली: 'मानको का हवाला देकर किया जा रहा टेंपो चालकों को परेशान', विरोध प्रदर्शन कर निकाली रैली
