संभल: पति की दूसरी शादी रुकवाने को महिला ने थाने में डाला डेरा

Amrit Vichar Network
Published By Priya
On

चार साल पहले पति से विवाद के चलते बदायूं मायके में चली गई थी, पति की दूसरी शादी की बात पता चली तो आनन फानन में पहुंची संभल

संभल, अमृत विचार। पति से विवाद के चलते पिछले चार साल से मायके में रह रही महिला को जब पता चला कि उसका पति दूसरी शादी कर रहा है तो वह आनन फानन में बदायूं से संभल पहुंच गई। महिला ने थाने में डेरा डालकर पुलिस से पति की दूसरी शादी रुकवाने की गुहार लगाई। हालांकि ससुराल वालों ने महिला के देवर की शादी होने की बात कहकर खुद को बचा लिया।

बदायूं जिले के एक गांव की रहने वाली महिला की शादी चार साल पहले  जनपद के थाना हयातनगर के निकट एक गांव में हुई थी। पति से विवाद के चलते विवाहिता चार साल पहले पति  का  घर छोड़कर बच्चों सहित मायके चली गई थी। बुधवार को महिला को किसी ने फोन कर बताया कि उसका पति दूसरी शादी कर रहा है। महिला बदायूं से थाना हयातनगर पहुंच गई। पुलिस से गुहार लगाई कि उससे तलाक लिये बिना पति दूसरी शादी कर रहा है। पुलिस ने महिला के ससुराल वालों को पूछताछ के लिए थाने पर बुला लिया।

 ससुराल वालों ने बताया कि महिला के पति की नहीं बल्कि देवर की शादी हो रही है। परिजन महिला को समझा बुझाकर घर ले जाने लगे, लेकिन महिला थाने से बाहर बैठ गई। महिला ससुराल वालों पर झूठ बोलने का आरोप लगाते हुए जिद पर अड़ी रही कि शादी देवर की नहीं पति की ही हो रही है। कुछ देर बाद परिजनों ने छोटे बेटे की शादी का कार्ड मंगाकर पुलिस व महिला को दिखाया। पुलिस ने भी आश्वासन दिया कि उसके पति की नहीं देवर की ही शादी हो रही है। इसके बाद महिला बदायूं वापस लौट गई।

ये भी पढ़ें:- संभल: बेटी की मौत के चौथे दिन मां ने भी तोड़ा दम

संबंधित समाचार