लखनऊ: जिम ट्रेनर पर धारदार हथियार से हमला कर लूट ले गए बाइक, लुटेरों को तलाश में जुटी पुलिस
बख्शी का तालाब/लखनऊ। बख्शी का तालाब स्थित सीतापुर लखनऊ हाइवे पर घर जा रहे युवक पर तीन बाइक सवार लुटेरे जानलेवा हमला कर बाइक लूट ले गए। घटना गुरुवार देर रात की बताई जा रही है। पुलिस के मुताबिक, इटौंजा थाना अंतर्गत अर्जुनपुर गांव निवासी अमन सिंह एक जिम ट्रेनर है, गुरुवार की रात्रि वह मोटरसाइकिल से घर लौट रहे थे।
तभी दिगोई रेलवे क्रासिंग के निकट सीतापुर रोड पर ही मोटर साइकिल सवार तीन लोगों ने ओवरटेक करके अमन की बाइक रोक ली और धारदार हथियार से उसकी पीठ पर जान लेवा हमला कर दिया।
घायल होने के बाद वह जमीन पर गिर गया। हमलावर उसकी मोटरसाइकिल को लेकर फरार हो गए। घटना के बाद घायल अमन को राम सागर मिश्र सौ शैय्या संयुक्त चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है। जहां से प्राथमिक उपचार के बाद केजीएमयू ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया गया है।
डीसीपी उत्तरी एस.एम.काशिम आब्दी ने बताया कि आरोपियों की मोटरसाइकिल को पुलिस ने बरामद कर लिया है, घायल युवक की तहरीर पर एफआईआर दर्ज कर पांच टीमें गठित की गई हैं तथा आसपास के सीसीटीवी कैमरे भी देखे जा रहे हैं।
यह भी पढ़ें;-रायबरेली: लालगंज पुलिस की रिमांड को दीवानी मजिस्ट्रेट ने किया खारिज, मुलजिम को निजी मुचलके पर छोड़ा
