मऊ हादसा अपडेट : 7 लोगों की मौत, आरोपी पिता-पुत्र गिरफ्तार - घायलों का चल रहा इलाज
लखनऊ / मऊ, अमृत विचार। शुक्रवार को घोसी में दीवार गिरने के हादसे में अब तक 7 लोगों की मौत हो गई है। इनमें 2 बच्चे और 5 महिलाएं शामिल हैं। वहीं सूत्रों के अनुसार इस घटना के आरोपी मकान मालिक पिता-पुत्र को गिरफ्तार कर लिया गया है। उनपर कई धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। इस हादसे को लेकर सीएम योगी ने कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए हैं साथ ही अधिकारियों से घायलों के समुचित इलाज का प्रबंध करने को भी कहा है।
बताते चलें कि बीते शुक्रवार को घोसी कोतवाली क्षेत्र में शुक्रवार शाम एक वैवाहिक कार्यक्रम के दौरान रास्ते में एक जर्जर दीवार के गिरने से चार महिलाओं और दो बच्चों की मृत्यु हो गयी थी। जबकि 18 अन्य घायल हो गये। घायलों में एक और महिला ने दम तोड़ दिया है। पुलिस के अनुसार घोसी कस्बा निवासी बृजेश मद्धेशिया के घर शनिवार को एक वैवाहिक कार्यक्रम होना था। जिसमें शुक्रवार को हल्दी की रस्म अदा की जा रही थी।
महिलाओं का समूह हल्दी रस्म अदा करने के लिए बैंड बाजे के साथ कस्बे से बाहर गया था। वापसी के समय एचडीएफसी बैंक के समीप ही एक पुरानी दीवार भरभरा कर महिलाओं के समूह के ऊपर गिर गई, जिसमें लगभग 30 लोग दब गए। घायलों का इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है। जबकि कुछ गंभीर रूप से घायल लोगों को इलाज के लिए वाराणसी रेफर किया गया है।
ये भी पढ़ें - लखनऊ : UP में 42 अपर पुलिस अधीक्षक के तबादले, मुख्यालय से आदेश जारी - देखें पूरी List
